बांग्लादेश के प्रधानमंत्री से नेपाल के विदेशमंत्री ने की मुलाकात | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री से नेपाल के विदेशमंत्री ने की मुलाकात

Date : 18-Feb-2026

 काठमांडू, 18 फरवरी । नेपाल के विदेशमंत्री बालानंद शर्मा ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान से शिष्टाचार मुलाकात की है। शर्मा ने उन्हें बधाई दी और नेपाल की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की की ओर से शुभकामना संदेश सौंपा। संदेश में रहमान की चुनावी जीत की सराहना करते हुए आपसी सम्मान, साझा प्राथमिकताओं और साझेदारी के आधार पर नेपाल–बांग्लादेश संबंधों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

ढाका स्थित नेपाली राजदूतावास के तरफ से आज जारी एक बयान में कहा गया है कि नेपाल के विदेशमंत्री शर्मा ने 12 फरवरी को हुए राष्ट्रीय चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी को निर्णायक जीत दिलाने के लिए भी रहमान को बधाई दी और बांग्लादेश में शांतिपूर्ण व सफल लोकतांत्रिक सत्ता हस्तांतरण की प्रशंसा की।

प्रधानमंत्री रहमान ने शपथ ग्रहण समारोह में शर्मा की उपस्थिति के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि यह बांग्लादेश के प्रति नेपाल सरकार और नेपाली जनता की एकजुटता तथा सद्भावना को दर्शाता है।

बयान में दोनों नेताओं के बीच व्यापार, निवेश, ऊर्जा, संपर्क, शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराने की जानकारी दी गई है। रहमान ने नेपाल में आगामी पांच मार्च को होने जा रहे संसदीय चुनाव के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नेपाल में भी आम चुनाव के जरिए जनता के चुने हुए प्रतिनिधि को शांतिपूर्ण ढंग से सत्ता हस्तांतरण किया जाएगा।

बैठक से पहले विदेशमंत्री शर्मा ने बांग्लादेश के नवनियुक्त प्रधानमंत्री और मंत्रिपरिषद के सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया। अपनी यात्रा के दौरान शर्मा ने विपक्ष के नेता डॉ. शफीकुर रहमान तथा जमात-ए-इस्लामी के अमीर से भी मुलाकात कर द्विपक्षीय सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों पर चर्चा की। विदेशमंत्री की बांग्लादेश यात्रा 19 फरवरी तक चलेगी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement