मणिपुरः अलग-अलग क्षेत्रों से पांच उग्रवादी गिरफ्तार | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

मणिपुरः अलग-अलग क्षेत्रों से पांच उग्रवादी गिरफ्तार

Date : 14-Mar-2026

 इंफाल, 14 मार्च । मणिपुर में लगातार उग्रवादियों के विरूद्ध पुलिस एवं सुरक्षा बलों का अभियान जारी है। वहीं, हथियार बरामदगी का सिलसिला भी जारी है। इसी कड़ी में विभिन्न संगठनों से जुड़े कुल उग्रवादियों को राज्य के अलग-अलग हिस्सों से गिरफ्तार किया गया है।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय से आज जारी बयान में बताया गया है कि शुक्रवार को सुरक्षा बलों ने थांगल बाज़ार से प्रतिबंधित संगठन केसीपी (अपुनबा) के एक सक्रिय कैडर मोइरांगथेम हेम्बा सिंह (26) उर्फ लाइबा (पुंगदोंगबाम मयाई लेइकाई, इंफाल पूर्वी ज़िला) को गिरफ़्तार किया गया है।

वहीं, मणिपुर पुलिस ने न्यू चेकॉन इलाके से यूएनएलएफ (पी) संगठन के चार सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया, जो घाटी क्षेत्र में स्थित स्कूलों और कॉलेजों से रंगदारी वसूलने में शामिल थे। उनकी पहचान कोइजम सुंदर मैतेई (29), थांगजम सूरज सिंह (27) उर्फ लुखोई, संजरामबम रवि सिंह (30) और निंगोमबम नेपोन मैतेई (30) के रूप में की गयी है।

उग्रवादियों के पास से एक 7.62 पिस्तौल, जिसमें 7 राउंड वाली एक मैगज़ीन और एक होल्स्टर, एक .32 पिस्तौल, जिसमें 10 राउंड वाली एक मैगज़ीन, एक महिंद्रा स्कॉर्पियो, 2 लाख 60 हजार रुपये की नकद राशि, छह मोबाइल हैंडसेट, दो हथियार लाइसेंस (जिनके नकली होने का संदेह है), दो वॉलेट, तीन आधार कार्ड, एक डायरी, जिसमें यूएनएलएफ (पी) संगठन के लिए स्कूलों से रंगदारी वसूलने की सूची दर्ज, आदि बरामद किया गया है। आगे की जांच जारी है।

उल्लेखनीय है कि सुरक्षा बल हिंसा प्रभावित विभिन्न ज़िलों के सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में तलाशी अभियान और क्षेत्र पर अपना दबदबा बनाए रखने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहे हैं।

मणिपुर के अलग-अलग ज़िलों में, चाहे वे पहाड़ी क्षेत्र हों या घाटी, में बीते शुक्रवार को कुल 116 नाके एवं चेक पॉइंट लगाए गए थे; हालांकि, किसी को भी हिरासत में नहीं लिया गया।

वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर ज़रूरी सामान ले जा रहे 50 वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित की गई है। सभी संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं और वाहनों की सुरक्षित और बेरोकटोक आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील रास्तों पर सुरक्षा काफिला भी मुहैया कराया गया है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement