भाजपा को बड़ा झटका, जिलाध्यक्ष स्वरूप चौधरी ने दिया इस्तीफा | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

भाजपा को बड़ा झटका, जिलाध्यक्ष स्वरूप चौधरी ने दिया इस्तीफा

Date : 13-Mar-2026

 दक्षिण दिनाजपुर, 13 मार्च । पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले दक्षिण दिनाजपुर जिले में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। शुक्रवार सुबह भाजपा के जिलाध्यक्ष स्वरूप चौधरी ने अपने पद से अचानक इस्तीफा दे दिया। 2026 के विधानसभा चुनाव की रणनीति तय होने के बीच उनके इस फैसले से जिले की राजनीति में हलचल मच गई है।

शुक्रवार सुबह बालुरघाट में भाजपा के जिला कार्यालय में आयोजित एक आपात पत्रकार वार्ता में स्वरूप चौधरी ने सार्वजनिक रूप से अपने इस्तीफे की घोषणा की। वह 2021 से जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इससे पहले भी वह जिला महासचिव सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर रहकर संगठन को मजबूत करने का काम कर चुके हैं। हालांकि इस्तीफा देने के पीछे की वजह पर उन्होंने खुलकर कुछ नहीं कहा। उन्होंने केवल इतना बताया कि अपना इस्तीफा पत्र राज्य नेतृत्व को भेज दिया है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट को लेकर उनकी नाराजगी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि जिलाध्यक्ष होने के नाते स्वरूप चौधरी को उम्मीद थी कि इस बार उन्हें चुनाव लड़ने का मौका मिलेगा। लेकिन पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें संगठनात्मक जिम्मेदारियों तक ही सीमित रखने की योजना बनाई और संभावित उम्मीदवारों की सूची में उनका नाम शामिल होने की संभावना कम बताई जा रही थी।

माना जा रहा है कि इसी कारण नाराज होकर उन्होंने पद छोड़ने का फैसला किया। प्रधानमंत्री के राज्य दौरे से पहले जिला अध्यक्ष का इस्तीफा भाजपा के लिए असहज स्थिति पैदा कर सकता है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement