छत्तीसगढ़ के सराफा कारोबारी का हवाई यात्रा के दौरान लगेज से सोने का नेकलेस गायब | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

छत्तीसगढ़ के सराफा कारोबारी का हवाई यात्रा के दौरान लगेज से सोने का नेकलेस गायब

Date : 14-Mar-2026

 रायपुर, 14 मार्च । छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी सराफा कारोबारी का हवाई यात्रा के दौरान लगेज से सोने का नेकलेस गायब हाे गया। पीड़ित सराफा कारोबारी की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दिल्ली से रायपुर के लिए कनेक्टिंग एयर इंडिया की फ्लाइट से हवाई यात्रा के दौरान बुक किए गए लगेज से सोने का नेकलेस गायब हो गया। हालांकि पुलिस ने अभी शिकायतकर्ता का नाम सार्वजनिक नहीं किया है।

सराफा कारोबारी अपने परिवार के साथ 12 मार्च 2026 के आसपास जोधपुर से दिल्ली होते हुए रायपुर पहुंचा था। रायपुर के माना थाना में इस चोरी की लिखित शिकायत 13 मार्च 2026 को दर्ज कराई थी। वे अपने परिवार के साथ राजस्थान के जोधपुर से एयर इंडिया की फ्लाइट के जरिए दिल्ली पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने दिल्ली से रायपुर के लिए कनेक्टिंग एयर इंडिया की फ्लाइट ली। यात्रा के दौरान उनका ट्रॉली बैग विमान में बुक लगेज के रूप में भेजा गया था।

बताया जा रहा है कि सूटकेस को सबसे पहले जोधपुर एयरपोर्ट पर लगेज के रूप में जमा किया गया था। इसके बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर भी उसे दोबारा बुक लगेज के रूप में भेजा गया।

बताया गया कि रायपुर पहुंचने के बाद जब कारोबारी परिवार ने ट्रॉली बैग का ताला खोलकर सामान की जांच की, तो उसमें रखा सोने का नेकलेस गायब मिला। कीमती जेवर नहीं मिलने पर परिवार के लोग हैरान रह गए। घटना की जानकारी मिलते ही कारोबारी ने तुरंत इसकी लिखित शिकायत माना थाना में दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने आशंका जताई है कि यात्रा के दौरान किसी ने लगेज से नेकलेस निकाल लिया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए रायपुर की माना थाना पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि रायपुर पुलिस ,जोधपुर और दिल्ली एयरपोर्ट के अधिकारियों के संपर्क में है ताकि उन विशिष्ट समय अंतरालों के सीसीटीवी फुटेज प्राप्त किए जा सकें, जब यह बैग ट्रांजिट में था।

पुलिस अब जोधपुर, दिल्ली और रायपुर तीनों हवाई अड्डों के फुटेज की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि जेवर कहाँ से गायब हुए। चूंकि ट्रॉली बैग को जोधपुर में जमा किया गया और दिल्ली में फिर से चेक-इन (कनेक्टिंग फ्लाइट के कारण) किया गया, इसलिए पुलिस उन सभी कर्मचारियों और लोडिंग स्टाफ की भूमिका की जांच कर रही है जिनके पास लगेज की एक्सेस थी। साथ ही संबंधित एयरलाइन से भी जानकारी ली जा रही है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement