बैतूल, 14 मार्च । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को बैतूल पहुंचे और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की पुत्री सुरभि खंडेलवाल के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से बैतूल पहुंचे और गंज स्थित खंडेलवाल निवास जाकर परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वे सुरभि के निधन पर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करने आए हैं। उन्होंने कहा कि हेमंत खंडेलवाल ने अपनी पुत्री की पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सेवा की। सुरभि बचपन से ही स्वास्थ्य संबंधी कष्टों से जूझ रही थीं, लेकिन किसी भी परिवार के सदस्य के बिछड़ने का दुख अत्यंत पीड़ादायक होता है।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि बाबा महाकाल दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें।
सड़क मार्ग से पहुंचे डिप्टी सीएम देवड़ा
इससे पहले प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और मंत्री कृष्णा गौर भी बैतूल पहुंचे। उपमुख्यमंत्री देवड़ा सड़क मार्ग से बैतूल पहुंचे और गंज स्थित खंडेलवाल निवास जाकर परिवार से मुलाकात की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी।
प्रदेशभर के नेताओं का खंडेलवाल निवास पर आना जारी
सुरभि खंडेलवाल के निधन के बाद से बैतूल में प्रदेशभर के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं का खंडेलवाल निवास पर पहुंचने का सिलसिला जारी है। शनिवार को भी प्रदेश सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी वहां पहुंचे और दिवंगत सुरभि को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
