कानपुर, 15 मार्च। उप निरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा का आयोजन शनिवार से शुरू हो गया है। कानपुर नगर में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक पहली पाली की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित की जा रही है। यह परीक्षा दो दिनों तक चलेगी।
कानपुर शहर में परीक्षा के लिए कुल 53 केंद्र बनाए गए हैं। दो दिवसीय परीक्षा में शहर के इन केंद्रों पर कुल 77,7,60 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकल विहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया गया है और केंद्रों के बाहर सघन चेकिंग की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही कुल 1,477 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी परीक्षा केंद्रों पर लगाई गई है। वहीं, अभ्यर्थियों की आवाजाही को देखते हुए रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड पर भी 132 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, ताकि व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
डीसीपी पश्चिम कासिम आबिदी ने बताया कि उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए तीन स्तरीय जांच व्यवस्था लागू की गई है। परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर ही अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र और पहचान पत्र की जांच की जा रही है। इसके बाद जूते उतरवाकर सघन जांच की जा रही है और किसी भी प्रकार की अन्य वस्तु अंदर ले जाने की अनुमति नहीं है। अभ्यर्थियों को केवल पेन, प्रवेश पत्र और पहचान पत्र ही साथ ले जाने की अनुमति है। आगे बढ़ने पर अभ्यर्थियों की आंखों की रेटिना का मिलान मशीन के माध्यम से किया जा रहा है, जिसके बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जा रहा है।
उन्हाेंने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जा सके।-
