आसनसोल, 14 मार्च ।
आसनसोल के रवींद्र भवन स्थित बीएनआर मोड़ पर गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस ने अनोखा प्रदर्शन किया। पश्चिम बर्धमान जिला कांग्रेस नेतृत्व और महिला कांग्रेस ने संयुक्त रूप से गैस सिलेंडर की प्रतीकात्मक अर्थी सजाकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान अर्थी के ठीक सामने चूल्हा जलाकर उस पर खिचड़ी पकाई गई। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि लगातार बढ़ती रसोई गैस की कीमतों के कारण आम लोगों के लिए गैस पर खाना बनाना मुश्किल होता जा रहा है, इसलिए उन्हें फिर से चूल्हे का सहारा लेना पड़ रहा है।
इस मौके पर कांग्रेस नेत्री श्रीलता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की नीतियों के कारण देश की आम जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि रसोई गैस से लेकर खाद्य सामग्री तक के दाम तेजी से बढ़ रहे हैं, जिससे लोगों का घर चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने ‘अच्छे दिन’ का वादा किया था, लेकिन मौजूदा हालात में आम जनता महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रही है।
वहीं कांग्रेस नेता प्रसंजीत पोइतूंडी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आम लोगों को कई बार परेशानियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने नोटबंदी और गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी का जिक्र करते हुए कहा कि हाल ही में सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की वृद्धि का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ा है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार के कई दावे भी जमीनी स्तर पर सफल नहीं हुए हैं। उनका कहना था कि महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए।
