नेपाल: समानुपातिक सांसद चयन को लेकर राजनीतिक दलों ने बुलाई आंतरिक बैठक | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

International

नेपाल: समानुपातिक सांसद चयन को लेकर राजनीतिक दलों ने बुलाई आंतरिक बैठक

Date : 14-Mar-2026

 काठमांडू, 14 मार्च । नेपाल में हाल ही में हुए प्रतिनिधि सभा चुनाव के बाद अब राजनीतिक दल समानुपातिक प्रणाली से चुने जाने वाले सांसदों के चयन की प्रक्रिया में जुट गए हैं। इसी क्रम में विभिन्न प्रमुख दलों ने अपनी-अपनी सांगठनिक बैठकों का आयोजन शुरू कर दिया है, जहां समानुपातिक सांसदों की सूची तय करने के साथ-साथ चुनाव परिणामों की समीक्षा भी की जाएगी।

नई राजनीतिक ताकत के रूप में उभरी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) ने समानुपातिक सांसदों के चयन के लिए अपनी सचिवालय बैठक आज शनिवार को बुलाई थी। हालांकि, आवश्यक तैयारी पूरी न होने और आंतरिक परामर्श जारी रहने के कारण यह बैठक स्थगित कर दी गई।

पार्टी की प्रवक्ता प्रतिभा रावल के अनुसार अब यह बैठक अब रविवार को आयोजित होगी। उन्होंने कहा कि बैठक में समानुपातिक सांसदों के नामों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा और नई सरकार गठन से लेकर बालेन्द्र शाह को संसदीय दल के नेता के चयन को लेकर आवश्यक विधान संशोधन के प्रस्ताव को पारित किया जा सकता है।

उधर नेपाली कांग्रेस ने भी समानुपातिक सांसद चयन के लिए सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी ने केंद्रीय कार्यसम्पादन समिति की बैठक रविवार को बुलाई है। पार्टी महामंत्री गुरुराज घिमिरे ने बताया कि इस बैठक में चुनाव परिणामों का मूल्यांकन करने के साथ-साथ समानुपातिक प्रणाली के तहत संसद में भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों के नाम तय करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

वहीं नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एमाले) ने शनिवार को अपनी सचिवालय बैठक आयोजित कर रही है। इस बैठक में समानुपातिक सांसदों के चयन के साथ-साथ हालिया चुनाव के परिणामों की विस्तृत समीक्षा भी की जा रही है। पार्टी नेतृत्व चुनाव में मिले जनमत का विश्लेषण कर आगामी राजनीतिक रणनीति तय करने पर भी विचार कर रहा है।

इसी तरह पूर्व प्रधानमंत्री पुष्पकमल दाहाल ‘प्रचण्ड’ के नेतृत्व वाली नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी ने भी रविवार को पार्टी बैठक बुलाई है। इस बैठक में समानुपातिक सांसदों की सूची पर चर्चा होने के साथ-साथ चुनावी प्रदर्शन की समीक्षा और भविष्य की राजनीतिक दिशा पर विचार किया जाएगा।

नेपाल की चुनावी प्रणाली में प्रत्यक्ष निर्वाचन के साथ-साथ समानुपातिक प्रतिनिधित्व की व्यवस्था भी है, जिसके तहत दलों को प्राप्त कुल मत प्रतिशत के आधार पर संसद में अतिरिक्त सीटें मिलती हैं। इन सीटों के लिए दलों को अपनी आंतरिक प्रक्रिया के माध्यम से प्रतिनिधियों का चयन करना होता है, इसलिए चुनाव के बाद इस समय राजनीतिक दलों के भीतर व्यापक परामर्श और बैठकों का दौर तेज हो गया है।

समानुपातिक प्रणाली के तहत इस बार राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी को 57, नेपाली कांग्रेस को 20, नेकपा एमाले को 16, नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी को 9, श्रम शक्ति पार्टी तथा राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी को 4-4 सीटे मिली हैं। नेपाल की संघीय संसद में 33 प्रतिशत महिला की अनिवार्य उपस्थिति को देखते हुए समानुपातिक में अधिकांश महिला उम्मीदवारों का ही चयन होना है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement