अमित शाह ने बंगाल के लिए किया भाजपा का ‘संकल्प पत्र’ जारी, महिलाओं को तीन हजार भत्ता, बस यात्रा फ्री | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

अमित शाह ने बंगाल के लिए किया भाजपा का ‘संकल्प पत्र’ जारी, महिलाओं को तीन हजार भत्ता, बस यात्रा फ्री

Date : 10-Apr-2026

 कोलकाता, 10 अप्रैल । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले अमित शाह ने शुक्रवार को कोलकाता में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का चुनावी घोषणापत्र ‘संकल्प पत्र’ जारी किया। इस मौके पर उन्होंने राज्य में सत्ता में आने पर कई बड़े वादे किए और विकास, रोजगार, महिला सुरक्षा तथा स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देने की बात कही।

घोषणापत्र में महिलाओं और बेरोजगार युवाओं के लिए विशेष योजनाओं का ऐलान किया गया है। भाजपा ने वादा किया है कि महिलाओं और बेरोजगार युवाओं को हर महीने 3000 रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को 15000 रुपये की सहायता देने की घोषणा भी की गई है।

सरकारी कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता देने और योग्य उम्मीदवारों को पारदर्शी प्रक्रिया के जरिए स्थायी नौकरी देने का भी आश्वासन दिया गया है। किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान योजना के तहत मिलने वाली 6000 रुपये की राशि के साथ राज्य की ओर से 3000 रुपये जोड़कर कुल 9000 रुपये देने का वादा किया गया है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत योजना को राज्य की योजनाओं के साथ जोड़कर गरीबों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने की बात कही गई है। उत्तर बंगाल में अत्याधुनिक कैंसर अस्पताल बनाने की घोषणा भी की गई है।

महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सभी नौकरियों में 33 प्रतिशत आरक्षण, हर मंडल में महिला थाना और प्रत्येक पुलिस जिले में महिला डेस्क स्थापित करने का वादा किया गया है। साथ ही महिलाओं के लिए 100 प्रतिशत मुफ्त सार्वजनिक परिवहन की सुविधा देने की बात भी कही गई है।

घोषणापत्र में कोलकाता के लिए 10 वर्षों का विशेष विकास योजना, उत्तर बंगाल में एम्स, खेल विश्वविद्यालय, चार नए उपनगरों का निर्माण और दार्जिलिंग को हेरिटेज पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का भी उल्लेख है।

राजनीतिक तौर पर ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि भाजपा सत्ता में आने पर “भयमुक्त और भ्रष्टाचारमुक्त बंगाल” बनाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य का मुख्यमंत्री बंगाल से ही चुना जाएगा।

इसके अलावा, शाह ने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर किसी भी मौजूदा जनकल्याणकारी योजना को बंद नहीं किया जाएगा और “मछली-डिम” जैसी खाद्य योजनाएं भी जारी रहेंगी। 


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement