देहरादून, 11 अप्रैल। उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा-2026 को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए अब तक कुल 14,54,897 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण करा लिया है। इनमें केदारनाथ धाम के लिए सर्वाधिक पंजीकरण दर्ज किए गए हैं।
पर्यटन विभाग के अनुसार शुक्रवार शाम पांच बजे तक केदारनाथ के लिए 4,95,173 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है। इसके बाद बद्रीनाथ के लिए 4,29,416, गंगोत्री के लिए 2,62,485 और यमुनोत्री के लिए 2,55,609 पंजीकरण दर्ज किए गए हैं। वहीं हेमकुंड साहिब के लिए अब तक 12,214 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है।
राज्य के विभिन्न ऑफलाइन पंजीकरण केंद्रों हरिद्वार, ऋषिकेश, नयागांव, हर्बर्टपुर और ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप पर आज कोई नया पंजीकरण दर्ज नहीं हुआ। हालांकि, ऑफलाइन पंजीकरण 17 अप्रैल से शुरू किया जाएगा, जबकि ऑनलाइन पंजीकरण 6 मार्च से लगातार जारी है।
यात्रा कार्यक्रम के अनुसार गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को खोले जाएंगे। इसके बाद केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुलेंगे, जबकि बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे।
राज्य सरकार और पर्यटन विभाग यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए तैयारियों में जुटे हुए हैं। यात्रा मार्गों, स्वास्थ्य सेवाओं, सुरक्षा व्यवस्था और पंजीकरण प्रणाली को सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
श्रद्धालु आधिकारिक वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in, “Tourist Care Uttarakhand” मोबाइल एप तथा हेल्पलाइन नंबर 1364 और 0135-3520100 के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं। वहीं आईआरसीटीसी की अधिकृत वेबसाइट के जरिए केदारनाथ और हेमकुंड साहिब के लिए हेली सेवा टिकट की बुकिंग भी की जा रही।
