सिक्किम केंद्रीय विश्वविद्यालय के स्थायी कैंपस का 19 साल बाद प्रधानमंत्री मोदी करेंगे उद्घाटन | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

सिक्किम केंद्रीय विश्वविद्यालय के स्थायी कैंपस का 19 साल बाद प्रधानमंत्री मोदी करेंगे उद्घाटन

Date : 27-Apr-2026

 गंगटोक, 27 अप्रैल । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने दो दिवसीय सिक्किम दौरे के दौरान ‘सिक्किम केंद्रीय विश्वविद्यालय’ के स्थायी कैंपस का उद्घाटन करेंगे। विश्वविद्यालय के स्थायी कैंपस का उद्घाटन लगभग 19 वर्षों बाद होने जा रहा है। यह स्थायी कैंपस नाम्ची जिले के यांगगांग क्षेत्र में स्थित है, जो गंगटोक से लगभग 55 किलोमीटर दूर है।

सिक्किम के लोकसभा सांसद इंद्र हांग सुब्बा ने प्रधानमंत्री द्वारा विश्वविद्यालय के स्थायी कैंपस के उद्घाटन पर प्रसन्नता व्यक्त की है। साथ ही उन्होंने सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) की पूर्व सरकार पर कैंपस की उपेक्षा और उसे अधूरा छोड़ने का आरोप लगाया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार दोपहर सिक्किम पहुंचेंगे और एक रोड शो में भाग लेंगे। दौरे के दूसरे और अंतिम दिन, वे गंगटोक स्थित पालजोर स्टेडियम में सिक्किम राज्य स्थापना की 50वीं वर्षगाँठ के समापन समारोह में सम्मिलित होंगे। इस अवसर पर वे कार्यक्रम को संबोधित करेंगे तथा सिक्किम विश्वविद्यालय के स्थायी कैंपस सहित विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे।

सत्तारूढ़ सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा के सांसद सुब्बा ने आज एक बयान में कहा कि 19 वर्षों की लंबी प्रतीक्षा के बाद अब विश्वविद्यालय के लिए एक नया अध्याय आरम्भ होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2007 में विश्वविद्यालय की स्थापना इस उद्देश्य से की गई थी कि यह सिक्किम के पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा का प्रकाश बने और आने वाली पीढ़ियों को ज्ञान, मर्यादा तथा प्रगति की दिशा में अग्रसर करे। उन्होंने कहा कि 28 अप्रैल, 2026 को प्रधानमंत्री द्वारा स्थायी कैंपस का आभासी माध्यम से उद्घाटन किया जाएगा।

सांसद सुब्बा ने पूर्ववर्ती सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि लंबे समय तक विश्वविद्यालय का स्थायी परिसर रुका रहा, उपेक्षित रहा और अधूरा पड़ा रहा। आवश्यक प्राथमिकता न मिलने के कारण वर्षों तक विद्यार्थी अनिश्चितता में अध्ययन करते रहे और संस्थान को अपना स्थायी स्थान नहीं मिल पाया।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अब इस परिसर के उद्घाटन के साथ एक नया अध्याय आरम्भ होगा और यह केवल एक भवन नहीं, बल्कि सत्य, विकास और आशा का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कामना की कि यह विश्वविद्यालय ऐसा केन्द्र बने जहां संस्कृति और विज्ञान, परंपरा और आधुनिकता, तथा स्थानीय पहचान और वैश्विक उत्कृष्टता का समन्वय हो।

उल्लेखनीय है कि, सिक्किम केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना वर्ष 2007 में हुई थी, किंतु भूमि अधिग्रहण, मुआवजा तथा अन्य विवादों के कारण स्थायी परिसर का निर्माण कार्य लंबे समय तक प्रभावित रहा। इतने वर्षों तक विश्वविद्यालय गंगटोक में विभिन्न किराये के भवनों से संचालित होता रहा। अब इसके कुछ विभाग स्थायी कैंपस में कार्य करना प्रारम्भ कर चुके हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement