अस्थमा से बचाव हेतु सीपीएस में जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

अस्थमा से बचाव हेतु सीपीएस में जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन

Date : 06-May-2026

 सारण, 06 मई। सेंट्रल पब्लिक स्कूल सभागार में विश्व अस्थमा दिवस के साप्ताहिक कार्यक्रम के अन्तर्गत आज बुधवार को इंडियन चेस्ट सोसाइटी द्वारा एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अस्थमा व श्वसन संबंधी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चिकित्सक डॉ राजीव रंजन सिंह के स्वागत के साथ हुआ।

सीपीएस समूह के अध्यक्ष डॉ हरेंद्र सिंह ने उन्हें पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया। दीप प्रज्वलन और स्वागत गीत के साथ सत्र की औपचारिक शुरुआत हुई।

मुख्य वक्ता डॉ राजीव रंजन सिंह ने स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा कि अस्थमा से बचाव के लिए स्वच्छ वायु का होना अनिवार्य है।

उन्होंने जोर दिया कि हर घर और कमरे में प्रतिदिन कम से कम तीन घंटे तक समुचित वायु संचार होना चाहिए। उन्होंने धूम्रपान के दुष्प्रभावों, बढ़ते प्रदूषण और नियमित स्वास्थ्य जांच की महत्ता पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यार्थियों के बीच पौधों का वितरण किया गया और उन्हें जीवन में कम से कम एक वृक्ष लगाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन डॉ विकाश कुमार सिंह ने किया जबकि मुरारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement