जगदलपुर, 06 मई। मेडिकल कॉलेज डिमरापाल जगदलपुर में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र दिव्य नारायण तीन दिन पहले नगरनार में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गये थे। वहीं, साथ में बैठी एक अन्य छात्रा को भी गंभीर चोट आई थी। घायलों को बेहतर उपचार के लिए मेकाॅज लाया गया था। जहां डॉक्टरों की टीम ने दिव्य नारायण को बचाने की हर संभव प्रयास किया, लेकिन उसकी हालत लगातार गंभीर बनी रही।
अंततः आज बुधवार तड़के उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में घायल छात्रा का इलाज अभी भी जारी है और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज डिमरापाल के कुछ छात्र बीते रविवार की सुबह घूमने के लिए तिरिया गए हुए थे। जहां से वापस लौटने के दौरान छात्र दिव्य नारायण की बईक का नियंत्रण बिगड़ गया और बाइक नगरनार मार्ग में सड़क किनारे खड़ी ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में बाइक के पीछे बैठी छात्रा दूर जा गिरी। जबकि छात्र दिव्य नारायण ट्रक से टकरा गया, इस घटना में उसे गंभीर चोट आई। जिसे उपचार के लिए साथ गए छात्रों ने एंबुलेंस के माध्यम से मेकाॅज में भर्ती कराया।
इस घटना में छात्र दिव्य नारायण के सिर के अलावा शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आई। अन्य साथियों ने एम्बुलेंस की मदद से पहले घायलों को महारानी अस्पताल ले गए। उसके बाद सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल लाया गया। छात्र को देर रात मेकाॅज में भर्ती किया गया। तीन दिनों तक चले उपचार के बाद छात्र दिव्य नारायण ने आज दम तोड़ दिया। मृतक छात्र राजनांदगांव का बताया जा रहा है। वहीं, 6 माह पहले ही उसने यहां पर एडमिशन लिया था।
