नई दिल्ली, 08 मई । प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म गेम्सक्राफ्ट के तीन संस्थापकों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि ईडी ने दीपक सिंह, पृथ्वीराज सिंह और विकास तनेजा को धनशोधन निवारण अधिनियम 2002 (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत हिरासत में लिया गया है। दीपक सिंह और पृथ्वीराज सिंह को दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया और उन्हें बेंगलुरु की अदालत में पेश करने के लिए ट्रांजिट रिमांड हासिल की गई है। विकास तनेजा को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया है और उन्हें अदालत में पेश किया गया है।
ये गिरफ्तारी तब हुई जब केंद्रीय एजेंसी ने कथित धोखाधड़ी और जालसाजी से संबंधित कई प्राथमिकियों का संज्ञान लेते हुए ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म ‘गेम्सक्राफ्ट टेक्नोलॉजीज लिमिटेड’ और अन्य संबंधित संस्थाओं के खिलाफ धनशोधन का मामला दर्ज किया। ईडी ने एक दिन पहले गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर और कर्नाटक में 17 स्थानों पर छापेमारी भी की थी और कुछ दस्तावेज जब्त किए थे।
ईडी के मुताबिक ये प्लेटफॉर्म ‘रमीकल्चर’, रमीटाइम ऐप आदि जैसे कई ऑनलाइन ‘रियल-मनी गेम्स’ का संचालन और स्वामित्व रखता है। धोखाधड़ी का शिकार हुए कई लोगों द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारण कंपनी के खिलाफ कई प्राथमिकी दर्ज हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल नवंबर में ईडी ने गेम्सक्राफ्ट के खिलाफ जांच के सिलसिले में 18.57 करोड़ रुपये की जमा राशि वाले आठ बैंक खातों से लेन-देन पर रोक लगा दी थी।
