चेन्नई, 08 मई । तमिलनाडु में प्लस-2 (12वीं कक्षा) की सार्वजनिक परीक्षा के परिणाम शुक्रवार सुबह घोषित कर दिए गए। इस वर्ष राज्य में ईरोड जिला सबसे अधिक उत्तीर्ण प्रतिशत के साथ प्रथम स्थान पर रहा। परीक्षा का आयोजन 2 मार्च से 26 मार्च तक किया गया था, जिसमें लगभग 8 लाख छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था।
राज्य सरकार की ओर से जारी परिणामों के अनुसार, इस बार 93.19 प्रतिशत छात्र तथा 97 प्रतिशत छात्राएं परीक्षा में सफल हुई हैं। वहीं, पूरे तमिलनाडु में 489 स्कूलों ने शत-प्रतिशत परिणाम हासिल कर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है।
जिलावार प्रदर्शन में ईरोड जिला 98.87 प्रतिशत उत्तीर्णता के साथ पहले स्थान पर रहा। शिवगंगई जिला 98.05 प्रतिशत के साथ दूसरे तथा कन्याकुमारी जिला 97.63 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
छात्र अपने परीक्षा परिणाम tnresults.nic.in, dge.tn.gov.in और results.digilocker.gov.in वेबसाइटों पर रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज कर देख सकते हैं। इसके अलावा 78452-52525 नंबर पर व्हाट्सऐप के माध्यम से भी परिणाम प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
व्हाट्सऐप से परिणाम देखने के लिए छात्रों को 78452-52525 नंबर पर “Hi” भेजना होगा। इसके बाद विभाग और कक्षा का चयन करने पर परीक्षा संख्या तथा जन्मतिथि दर्ज करनी होगी, जिसके बाद परिणाम स्क्रीन पर उपलब्ध हो जाएगा।
परीक्षा परिणाम से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी, संदेह या परामर्श के लिए 14417, 104 और 14416 हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। स्कूलों के छात्र अपने-अपने विद्यालयों में भी परिणाम देख सकते हैं। साथ ही छात्रों और निजी परीक्षार्थियों के पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर एसएमएस के जरिए भी परिणाम भेजे जाएंगे।
इस अवसर पर राज्य के पूर्व स्कूल शिक्षा मंत्री अंबिल महेश पोय्यमोझि ने सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि परीक्षा परिणाम जीवन का अंतिम सत्य नहीं है और विद्यार्थियों व अभिभावकों को इसे सकारात्मक दृष्टिकोण से लेना चाहिए।
उन्होंने विश्वास जताया कि एम. के. स्टालिन के नेतृत्व में 2025-26 शैक्षणिक वर्ष में किए गए प्रयासों के कारण इस बार पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर परिणाम प्राप्त हुए हैं।
