गुवाहाटी, 08 मई । निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने विधानसभा आम चुनाव एवं उपचुनाव 2026 से संबंधित इंडेक्स कार्ड और सांख्यिकीय रिपोर्ट जारी कर दी है। आयोग ने आज आधिकारिक तौर पर बताया कि 6 मई को संपन्न हुए चुनावों के तहत मतदान वाले सभी विधानसभा क्षेत्रों के आंकड़े प्रकाशित कर दिए गए हैं।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, परिणाम घोषित होने के मात्र 72 घंटे के भीतर इंडेक्स कार्ड और सांख्यिकीय रिपोर्ट उपलब्ध करा दी गई हैं। आयोग ने कहा कि ईसीआईनेट प्रणाली लागू होने के बाद यह प्रक्रिया काफी तेज हुई है, जबकि पहले फील्ड अधिकारियों द्वारा मैन्युअल डेटा भरने के कारण इसमें कई सप्ताह या महीने लग जाते थे।
इंडेक्स कार्ड में उम्मीदवारों, मतदाताओं, पड़े वोटों, मतगणना, दलवार और उम्मीदवारवार मत प्रतिशत समेत कई महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल हैं। इन्हें ईसीआईनेट ऐप के “अबाउट इलेक्शंस” सेक्शन तथा निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर देखा जा सकता है।
आयोग ने इसके साथ ही विधानसभा चुनावों से जुड़े 14 सांख्यिकीय रिपोर्ट भी जारी किए हैं। इन रिपोर्टों में राज्यवार एवं विधानसभा क्षेत्रवार मतदाता संख्या, मतदान केंद्रों की संख्या, मतदान प्रतिशत, महिला-पुरुष भागीदारी, दलवार वोट शेयर और निर्वाचन क्षेत्रवार विस्तृत परिणाम जैसी जानकारियां दी गई हैं।
निर्वाचन आयोग ने कहा कि यह पहल चुनावी आंकड़ों में पारदर्शिता बढ़ाने और शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों तथा आम जनता के लिए सूचनाओं को सुलभ बनाने के उद्देश्य से की गई है। आयोग ने स्पष्ट किया कि मूल और अंतिम आंकड़े संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा संरक्षित वैधानिक प्रपत्रों में सुरक्षित रहते हैं।
