ऑपरेशन सिंदूर कार्यक्रम में गूंजा राष्ट्रभक्ति का स्वर, एनसीसी कैडेट्स के अनुशासन और उत्साह ने बांधा समां | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

ऑपरेशन सिंदूर कार्यक्रम में गूंजा राष्ट्रभक्ति का स्वर, एनसीसी कैडेट्स के अनुशासन और उत्साह ने बांधा समां

Date : 08-May-2026

 दरभंगा, 08 मई। बिहार बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में सी.एम. कॉलेज के सेमिनार हॉल में आयोजित “ऑपरेशन सिंदूर” कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा की भावना से ओत-प्रोत वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों के एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद एनसीसी कैडेट्स ने आकर्षक परेड संचलन एवं अनुशासन प्रदर्शन प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कैडेट्स की एकरूपता, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

इस अवसर पर आयोजित प्रेरणादायक व्याख्यान में वक्ताओं ने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने तथा समाज एवं देश के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति पर आधारित लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसने कैडेट्स एवं विद्यार्थियों में उत्साह और जोश का संचार किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. मुश्ताक अहमद ने की। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन की प्रेरणा प्रदान करते हैं।

इस अवसर पर लेफ्टिनेंट कर्नल डी.के. सिंह, डॉ. मयंक श्रीवास्तव, डॉ. शशांक शुक्ला, सूबेदार जगत सिंह, हवलदार संदीप सिंह एवं हवलदार नवीन ने भी कैडेट्स को संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि देश की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि है तथा एनसीसी कैडेट्स राष्ट्र की शक्ति और गौरव हैं।

वहीं 2/8 कंपनी एनसीसी के एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ. शैलेन्द्र श्रीवास्तव ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी एएनओ, सीटीओ एवं कैडेट्स के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में एम.आर.एम. कॉलेज, सी.एम. साइंस कॉलेज, एन.जे.एम. कॉलेज एवं मिल्लत कॉलेज के कैडेट्स की उल्लेखनीय सहभागिता रही।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement