हिमाचल में बढ़ने लगी गर्मी की मार, ऊना सबसे गर्म, 18 मई से और चढ़ेगा तापमान | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

हिमाचल में बढ़ने लगी गर्मी की मार, ऊना सबसे गर्म, 18 मई से और चढ़ेगा तापमान

Date : 15-May-2026

 शिमला, 15 मई । हिमाचल प्रदेश में कई दिनों तक ठंडे मौसम, बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बाद अब मौसम तेजी से बदलने लगा है। शुक्रवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहा और दिन भर तेज धूप खिलने से गर्मी का असर बढ़ गया। खासतौर पर निचले और मैदानी इलाकों में लोगों को उमस और गर्म हवाओं ने परेशान किया। मौसम साफ रहने के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना जताई है।

शुक्रवार को ऊना प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले यहां पारा 36.2 डिग्री था। इसके अलावा सुंदरनगर में अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री, धर्मशाला में 33.1, मंडी में 33, कांगड़ा में 32.8, बरठीं में 32.7, भुंतर में 32, नाहन में 31.4, शिमला में 24.6, मनाली में 24, कल्पा में 20.2 और केलंग में 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में अभी भी सुबह-शाम हल्की ठंड बनी हुई है, लेकिन मैदानी क्षेत्रों में तपिश लगातार बढ़ रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटों में प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शुक्रवार सुबह लाहौल स्पीति जिला का मुख्यालय केलंग सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसी तरह जनजातीय क्षेत्र कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री, ताबो में 8.1, कल्पा में 9, सियोबाग में 11, मनाली में 11.6, कुफरी में 11.6, सराहन में 11.6, धर्मशाला में 13.9, सोलन में 15, भुंतर में 15.1, चंबा में 15.5, डलहौजी में 15.6, शिमला में 16, नाहन में 16.9, पालमपुर में 17.5, ऊना में 18.2, जुब्बड़हट्टी में 18.4, बरठीं में 18.9, मंडी में 19.5, सुंदरनगर में 19.6, कांगड़ा में 20.2, देहरा गोपीपुर में 21, बिलासपुर में 22 और पांवटा साहिब में 25 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि 16 मई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के कुछ हिस्सों में अंधड़, गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। इन क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। 17 मई को सिर्फ ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम खराब रहेगा, लेकिन किसी तरह का अलर्ट नहीं है। हालांकि 18 मई से प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ रहने के आसार हैं। विभाग के अनुसार 18 से 21 मई तक बारिश की संभावना कम है और लगातार धूप खिलने से तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement