बिहार के दरभंगा में एक व्यक्ति ने की अपनी पत्नी और तीन बच्चों की हत्या | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

बिहार के दरभंगा में एक व्यक्ति ने की अपनी पत्नी और तीन बच्चों की हत्या

Date : 19-May-2026

 दरभंगा, 19 मई। बिहार में दरभंगा जिले के पतोर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदनपट्टी गांव में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां घरेलू विवाद के बाद एक युवक ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित ने स्वयं को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से एक बच्चे को गंभीर अवस्था में जीवित पाया। उसे तत्काल दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इस तरह इस घटना में कुल चार लोगों की जान चली गई।

पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि आरोपित युवक को भी डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

मृतकों की पहचान फूल कुमारी दास (30) के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के दालखोला क्षेत्र के कुंडी थाना क्षेत्र की रहने वाली थीं। इसके अलावा उनके पुत्र हृदय दास (7), संध्या दास (6) और सोन दास (5) के रूप में बच्चों की पहचान की गई है।

आरोपित संदीप दास अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ चंदनपट्टी स्थित एक मुर्गी फार्म में मजदूरी करता था। मृत बच्चों के मामा मंगू दास ने बताया कि मंगलवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि इसके बाद आरोपित ने डंडा और रॉड से पत्नी और बच्चों पर बेरहमी से हमला कर उन्हें अधमरा कर दिया।

परिजनों के अनुसार, इस हमले में पत्नी और दो बच्चों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे बच्चे ने डीएमसीएच में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर छानबीन की जा रही है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement