आम आदमी पार्टी का आरोप, स्कूलों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर में बदलने जा रही एमसीडी | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

आम आदमी पार्टी का आरोप, स्कूलों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर में बदलने जा रही एमसीडी

Date : 21-May-2026

 नई दिल्ली, 21 मई । दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में नेता प्रतिपक्ष और आम आदमी पार्टी (आआपा) के नेता अंकुश नारंग ने गुरुवार को आरोप लगाया कि एमसीडी के 48 स्कूलों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर में तब्दील किया जा रहा है।

अंकुश नारंग ने एमसीडी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के लिए आवंटित भूमि का उपयोग केवल शिक्षा संबंधी उद्देश्यों के लिए ही किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्कूलों की जमीन का उपयोग केवल शिक्षा के लिए किया जा सकता है, लेकिन इसके बावजूद स्कूलों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर में बदला जा रहा है।

उन्होंने एमसीडी के शिक्षा विभाग और निदेशक शिक्षा पर निशाना साधते हुए कहा कि कई एमसीडी स्कूलों को आपस में मर्ज करने की तैयारी की जा रही है। नारंग का आरोप है कि स्कूलों के विलय के बाद खाली होने वाली इमारतों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर में बदल दिया जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद एमसीडी ने स्कूल परिसरों को स्वास्थ्य केंद्रों में परिवर्तित करने का फैसला लिया।

नारंग ने कहा कि जब उच्च न्यायालय का आदेश मौजूद था और सरकार हमेशा अदालतों की बात करती है, तो फिर एमसीडी स्कूलों को बेहतर बनाने की बजाय उन्हें आयुष्मान आरोग्य मंदिर में क्यों बदला जा रहा है?

उन्होंने कहा कि दिल्ली के गरीब और जरूरतमंद बच्चे एमसीडी स्कूलों पर निर्भर हैं, इसलिए सरकार को स्कूल बंद करने या उनका स्वरूप बदलने की बजाय बच्चों के दाखिले और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement