बीकानेर, 21 मई । जापान के Aichi एवं Nagoya में 18 से 24 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले एशियन पैशा गेम्स-2026 के लिए भारतीय पैरा तीरंदाजी टीम के चयन ट्रायल में राजस्थान के प्रतिभाशाली तीरंदाज श्याम सुंदर स्वामी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त कर भारतीय टीम में अपना स्थान पक्का किया है। यह चयन ट्रायल आर्चरी एसाेसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा हरियाणा के साेनीपत में आयोजित की जा रही है।
राजस्थान आर्चरी एसाेसिएशन के महासचिव सुरेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि दो दिवसीय चयन ट्रायल में देशभर के श्रेष्ठ पैरा तीरंदाजों ने भाग लिया, जिसमें राजस्थान के श्याम सुंदर स्वामी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया और आगामी पैरा एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में अपनी जगह सुनिश्चित की। उन्होंने बताया कि श्याम सुंदर लगातार तीसरी बार एशियन स्तर की प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे, जो राजस्थान सहित पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।
इस अवसर पर एसाेसिएशन के अध्यक्ष दीपेंद्र सिंह ने कहा कि राजस्थान के तीरंदाज लगातार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तीरंदाजी खेल का स्तर निरंतर ऊंचाइयों को छू रहा है और खिलाड़ी अपने अनुशासन, मेहनत एवं समर्पण से नई पहचान बना रहे हैं।
उन्होंने श्याम सुंदर स्वामी के प्रशिक्षक अनिल जाेशी को भी विशेष बधाई प्रेषित करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सफलता में प्रशिक्षकों की मेहनत और मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण योगदान होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी पैरा एशियन गेम्स में श्याम सुंदर स्वामी भारतीय टीम के लिए पदक जीतकर देश और राजस्थान का नाम रोशन करेंगे।
राजस्थान तीरंदाजी संघ के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने श्याम सुंदर स्वामी के चयन पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
