अभिषेक बनर्जी आवास को लेकर नगर निगम का नोटिस जारी | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

अभिषेक बनर्जी आवास को लेकर नगर निगम का नोटिस जारी

Date : 21-May-2026

 कोलकाता, 21 मई। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के पारिवारिक आवास से जुड़ा एक नया मामला सामने आने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। कोलकाता नगर निगम के असेसर-कलक्टर (दक्षिण) कार्यालय की ओर से 188ए, हरिश मुखर्जी रोड स्थित संपत्ति को लेकर एक नोटिस जारी किया गया है।

नगर निगम के दस्तावेजों के अनुसार, यह संपत्ति पहले मैसर्स अनिमेष ट्रेडलिंक प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर खरीदी गई थी, जो बाद में बदलकर ‘लिप्स एंड बाउंड्स इंफ्रा कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड’ हो गई। आरोप है कि पुराने ढांचे को हटाकर यहां नया भवन ‘शांतिनिकेतन’ बनाया गया, लेकिन संपत्ति का कर निर्धारण अब भी ‘मालिक-आधारित’ श्रेणी में दर्ज है।

जानकारी के मुताबिक, इस संपत्ति का हाउस टैक्स वर्तमान में लिप्स एंड बाउंड्स इंफ्रा कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा दिया जा रहा है और वहां अभिषेक बनर्जी का परिवार निवास करता है।

नगर निगम का कहना है कि जांच के दौरान पाया गया कि संपत्ति के निबंधित मालिक की ओर से इसका उपयोग नहीं किया जा रहा है, बल्कि अन्य व्यक्ति वहां रह रहे हैं। इसी कारण से कर पुनर्मूल्यांकन के लिए संबंधित पक्षों से समझौते, लेन-देन और कब्जे से जुड़े दस्तावेज मांगे गए हैं।

असेसर-कलक्टर (दक्षिण) अरूप मंडल के हस्ताक्षर से मंगलवार को जारी नोटिस में कहा गया है कि सात दिनों के भीतर सभी आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। यह नोटिस लिप्स एंड बाउंड्स इंफ्रा कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक को भेजा गया है।

उल्लेखनीय है कि दक्षिण कोलकाता के इसी पते पर अभिषेक बनर्जी का परिवार निवास करता है। इस नोटिस के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि तृणमूल कांग्रेस की ओर से इस मामले पर खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।

नगर निगम के सूत्रों के अनुसार, कोलकाता नगर निगम विभिन्न संपत्तियों के कर निर्धारण और उपयोग की स्थिति की समीक्षा कर रहा है और यह कार्रवाई उसी प्रक्रिया का हिस्सा है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement