चारधाम यात्रा को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 9 प्रतिष्ठानों को नोटिस | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

चारधाम यात्रा को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 9 प्रतिष्ठानों को नोटिस

Date : 21-May-2026

 हरिद्वार, 21 मई । जनपद में खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट रोकने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने खाद्य सुरक्षा विभाग को लगातार छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। चारधाम यात्रा 2026 के दौरान तीर्थ यात्रियों को शुद्ध एवं गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानन्द जोशी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में गुरुवार को उनके नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन एवं पवन कुमार की टीम ने सुभाष घाट, कुशावर्त घाट, दीनदयाल पार्किंग, दिल्ली नेशनल हाईवे तथा रावली महदूद क्षेत्र स्थित ढाबों, कैंटीनों, होटलों एवं डेयरियों का निरीक्षण किया।

अभियान के दौरान कुल 10 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। मौके से प्रयोगशाला परीक्षण हेतु 9 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, जिनमें पनीर, खुला मसाला, तैयार खाद्य पदार्थ, साबुत राजमा तथा बेकरी उत्पाद शामिल हैं।

निरीक्षण में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के तहत कई अनियमितताएं पाई गईं। इनमें अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं भंडारण, खाद्य पदार्थों में बाहरी अखाद्य तत्वों की मिलावट, बासी एवं सड़े-गले खाद्य पदार्थों का उपयोग, आवश्यक दस्तावेज एवं फूड लाइसेंस प्रस्तुत न करना शामिल रहा। इस पर कुल 9 प्रतिष्ठान संचालकों को नोटिस जारी किए गए।

खाद्य सुरक्षा टीम ने कार्रवाई करते हुए 2 ढाबों से लगभग 4 किलो बदबूदार खुला पनीर नष्ट कराया, जबकि एक अन्य ढाबे से 12 किलो खुला मसाला भी नष्ट कराया गया। विभाग द्वारा सभी खाद्य विक्रेताओं को अपने प्रतिष्ठानों पर फूड लाइसेंस एवं फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिन पर विभाग का टोल फ्री नंबर भी अंकित रहेगा। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा 2026 के दौरान जनपद भर में इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement