हिमाचल पंचायत चुनाव : नौतपा की तपिश में भी नहीं डिगा हौसला, 103 साल की बुज़ुर्ग महिला समेत उम्रदराज मतदाता पहुंचे वोट डालने | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

हिमाचल पंचायत चुनाव : नौतपा की तपिश में भी नहीं डिगा हौसला, 103 साल की बुज़ुर्ग महिला समेत उम्रदराज मतदाता पहुंचे वोट डालने

Date : 26-May-2026

 शिमला, 26 मई । हिमाचल प्रदेश में नौतपा के दूसरे दिन पड़ रही भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच मंगलवार को पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान जारी है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में आज लू चलने का अलर्ट जारी किया है, लेकिन तपती गर्मी भी गांवों में लोकतंत्र के उत्साह को कम नहीं कर सकी। सुबह से ही ग्रामीण इलाकों में मतदान केंद्रों के बाहर लोगों की कतारें देखने को मिलीं। खास बात यह रही कि बड़ी संख्या में बुजुर्ग मतदाता भी मतदान करने पहुंचे और उन्होंने लोगों के सामने मिसाल पेश की।

शिमला जिला की ग्राम पंचायत झगटान में 103 वर्षीय बुज़ुर्ग महिला मतदान करने लाठियों के सहारे मतदान केंद्र पहुंचीं। इतनी अधिक उम्र में भी लोकतंत्र के प्रति उनका उत्साह लोगों के लिए प्रेरणा बना रहा। अप्पर शिमला की चिक्खर पोलिंग बूथ में 99 वर्षीय सूरत ने वोट डाला। ढाकगांव पंचायत के बूथ खरोट-2 में चिवाड़ी गांव के 88 वर्षीय सुरत राम ने मतदान किया। ग्राम पंचायत मझार के खलाशी-1 मतदान केंद्र में 81 वर्षीय शांति ठाकुर वोट डालने पहुंचीं, जबकि ग्राम पंचायत घरयाणा में 80 वर्षीय भोम प्रकाश शर्मा ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कई बुजुर्ग सहारे के साथ मतदान केंद्रों तक पहुंचे और लोगों से मतदान करने की अपील करते नजर आए।

युवाओं में भी पंचायत चुनाव को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया। शिमला जिले की ग्राम पंचायत घरयाणा की 18 वर्षीय निकिता ने पहली बार मतदान किया। प्रदेशभर में हजारों नए मतदाता पहली बार गांव की सरकार चुनने की प्रक्रिया का हिस्सा बन रहे हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार प्रदेश की 1,293 पंचायतों में पहले चरण के लिए मतदान हो रहा है। पंचायत प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्यों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। इस चरण में करीब 7,200 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि लगभग 16 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और दोपहर तीन बजे तक जारी रहेगा।

सुबह के शुरुआती घंटों में कई क्षेत्रों में अच्छा मतदान दर्ज किया गया। शिमला जिला के विकासखंड रोहड़ू की 14 पंचायतों में सुबह नौ बजे तक 17.46 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया। वहीं दूरदराज डोडरा क्वार उपमंडल में सुबह नौ बजे तक 14.6 प्रतिशत मतदान हुआ। प्रशासन का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लगातार भीड़ बढ़ रही है।

प्रदेशभर में मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए 16,539 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 3,554 मतदान केंद्र संवेदनशील और 1,585 अतिसंवेदनशील घोषित किए गए हैं। इन केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। मतदान प्रक्रिया की निगरानी के लिए प्रशासन और निर्वाचन आयोग की टीमें लगातार नजर बनाए हुए हैं।

इस बीच मंडी जिला के करसोग में मतदान के दौरान बड़ी लापरवाही भी सामने आई। करसोग के थाच-थर्मी, प्रलोग और मेंडी बीडीसी वार्ड में एक प्रत्याशी का नाम ही बैलेट पेपर पर नहीं छपा। सुबह मतदान शुरू होने के कुछ देर बाद मामला सामने आने पर संबंधित केंद्रों पर बीडीसी पद के लिए मतदान रोक दिया गया। बताया गया कि बीडीसी प्रत्याशी होशियार सिंह का नाम बैलेट पेपर में गायब था। मामले की सूचना मिलने के बाद एसडीएम करसोग गौरव महाजन मौके के लिए रवाना हुए और रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि संबंधित पंचायतों में केवल बीडीसी पद के लिए मतदान रोका गया है, जबकि अन्य पदों के लिए मतदान जारी रखा गया। उन्होंने कहा कि बीडीसी पद के लिए अब किसी अन्य तारीख पर दोबारा मतदान कराया जाएगा ताकि चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से पूरी हो सके।

बता दें कि हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव तीन चरणों में हो रहे हैं। पहले चरण का मतदान आज हो रहा है, जबकि दूसरे चरण के लिए 28 मई और तीसरे चरण के लिए 30 मई को वोट डाले जाएंगे। वर्ष 2021 में हुए पंचायत चुनाव में करीब 78 प्रतिशत मतदान हुआ था। निर्वाचन आयोग को इस बार भी रिकॉर्ड मतदान की उम्मीद है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement