बीएड प्रवेश परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों व केंद्र व्यवस्थापकों को दिए दिशा-निर्देश | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

बीएड प्रवेश परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों व केंद्र व्यवस्थापकों को दिए दिशा-निर्देश

Date : 26-May-2026

 मीरजापुर, 26 मई । उत्तर प्रदेश के जनपद में आगामी 31 मई को आयोजित होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया। इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में ड्यूटी मजिस्ट्रेटों एवं परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जनपद के 17 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा एवं परीक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनाती हाे। प्रत्येक केंद्र पर मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी और सशस्त्र आरक्षियों की ड्यूटी सुनिश्चित की जाए। परीक्षा के दौरान केंद्रों के 500 मीटर दायरे में ध्वनि विस्तारक यंत्र, फोटोस्टेट दुकान, साइबर कैफे एवं पीसीओ बंद रखने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्था करने को कहा। साथ ही यूपी-112 की गाड़ियों को परीक्षा केंद्रों के आसपास तैनात रखने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्साधिकारी को सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास एंबुलेंस एवं चिकित्सा टीम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं जिला नोडल समन्वयक को 28 मई से 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम स्थापित करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षार्थियों के बैग, मोबाइल व अन्य सामान प्रवेश द्वार पर सुरक्षित रखवाने की व्यवस्था की जाए। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी के लिए प्रत्येक केंद्र पर अलग अस्थायी कक्ष बनाने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी विजेता, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, विभिन्न उप जिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक माया राम सहित अन्य अधिकारी एवं केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement