उज्जैन, 26 मई । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज मंगलवार को उज्जैन में शिप्रा तीर्थ परिक्रमा में शिप्रा नदी के तट पर होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शाम को पांच बजे मां क्षिप्रा को चुनरी अर्पित कर परिक्रमा का समापन करेंगे।
दरअसल, उज्जैन में सोमवार, 25 मई गंगा दशहरा के अवसर पर दो दिवसीय शिप्रा तीर्थ परिक्रमा की शुरुआत हुई थी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के पुत्र वैभव ने मोक्षदायिनी मां शिप्रा के राम घाट पर विधि-विधान से पूजन कर इसकी शुरुआत की थी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज मां शिप्रा को 351 फीट लंबी चुनरी अर्पित करेंगे। इस दौरान भारतीय नौसेना बैंड भी प्रस्तुति देगा।
भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी दिनेश जाटवा ने बताया कि क्षिप्रा तीर्थ परिक्रमा विगत कईं वर्षों से मुख्यमंत्री डॉ यादव के नेतृत्व में आयोजित की जा रही है। यात्रा की शुरुआत मुख्यमंत्री डॉ यादव द्वारा 23 वर्ष पहले मां शिप्रा के संरक्षण के लिए की गई थी। इस वर्ष 25 मई को यात्रा शुरू हुई, जो शहर के मार्गों से निकलकर आज वापस रामघाट पहुंचेगी, जहां यात्रा का समापन होगा। यात्रा के समापन अवसर पर राम घाट पर गंगा दशहरा उत्सव आयोजित किया जाएगा।
"जल गंगा संवर्धन अभियान" के तहत यह कार्यक्रम शिप्रा लोक संस्कृति समिति, महाराजा विक्रमादित्य शोध पीठ, उज्जैन विकास प्राधिकरण, रामघाट तीर्थ पुरोहित समाज और जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मां शिप्रा को 351 फीट लंबी चुनरी अर्पित करेंगे। इस दौरान भक्ति संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण पहली बार होने वाली भारतीय नौसेना बैंड की प्रस्तुति रहेगी। प्रसिद्ध गायिका मैथिली ठाकुर भी अपनी टीम के साथ भक्ति संगीत प्रस्तुत करेंगी।
