मध्य प्रदेश में आंधी और बारिश के साथ हुई नौतपा की शुरुआत, 28 मई से प्री-मानसून के संकेत | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

मध्य प्रदेश में आंधी और बारिश के साथ हुई नौतपा की शुरुआत, 28 मई से प्री-मानसून के संकेत

Date : 26-May-2026

 भोपाल, 26 मई । मध्य प्रदेश में इस बार नौतपा की शुरुआत तेज गर्मी के साथ आंधी और बारिश से हुई है। सोमवार को भोपाल, उमरिया, दमोह समेत 15 से अधिक जिलों में गर्मी और बदले मौसम का असर देखने को मिला। 28 मई से प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू होने के संकेत हैं। इस दौरान उत्तर और दक्षिण क्षेत्र के 14 जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।


मौसम विभाग ने मंगलवार को निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना जिलों में तीव्र लू का रेड अलर्ट जारी किया है। छतरपुर के खजुराहो और नौगांव प्रदेश के सबसे गर्म शहर बने हुए हैं, जहां तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। भोपाल और ग्वालियर सहित प्रदेश के 45 जिले हीटवेव की चपेट में रहेंगे, जबकि इंदौर और नर्मदापुरम में गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है।

तीन दिन तक तेज गर्मी, फिर बदलेगा मौसम

मौसम विभाग ने अगले चार दिनों का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के मुताबिक 28 मई को ग्वालियर, चंबल, सागर और जबलपुर संभाग के 14 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इससे पहले 25 मई को भी कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई थी। पश्चिमी हिस्से से गुजर रहे टर्फ सिस्टम के कारण मौसम में यह बदलाव देखा जा रहा है।

नौतपा में भोपाल में बारिश का रिकॉर्ड

भोपाल में पिछले 14 वर्षों के दौरान नौतपा में 7 बार बारिश दर्ज की गई है, जबकि 2 बार केवल बूंदाबांदी हुई थी। इस बार भी शुरुआत में ही बूंदाबांदी हो चुकी है। वर्ष 2018 और 2019 में नौतपा के दौरान सबसे अधिक गर्मी पड़ी थी, जब औसत तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया था।

खजुराहो में टूटा गर्मी का रिकॉर्ड

सोमवार को नौतपा के पहले दिन प्रदेश में कहीं बारिश तो कहीं भीषण गर्मी का असर देखने को मिला। छतरपुर जिले के खजुराहो में तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अब तक का रिकॉर्ड स्तर माना जा रहा है। वहीं नौगांव में 46.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

इसके अलावा दतिया में 45.6 डिग्री, मंडला में 45.5 डिग्री, टीकमगढ़ में 45.3 डिग्री, मलाजखंड में 45 डिग्री, सतना में 44.9 डिग्री, दमोह और रीवा में 44.6 डिग्री, राजगढ़ में 44.5 डिग्री, गुना में 44.3 डिग्री तथा शाजापुर में 44 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के बड़े शहरों में ग्वालियर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 44 डिग्री दर्ज हुआ। भोपाल में 43.4 डिग्री, जबलपुर में 43.9 डिग्री, उज्जैन में 41.8 डिग्री और इंदौर में 41.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

इन जिलों में अलर्ट जारी

निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में रेड अलर्ट, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, उमरिया, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, दमोह, सागर, गुना, नरसिंहपुर, आगर-मालवा, राजगढ़, भिंड और दतिया में ऑरेंज अलर्ट और भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, शिवपुरी, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, शहडोल, डिंडौरी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और अनूपपुर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि इंदौर, देवास, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल और सिवनी में तेज गर्मी पड़ेगी।

मौसम विभाग का कहना है कि 31 मई तक प्रदेश में गर्मी अपने चरम पर बनी रहेगी। हालांकि 28 मई को ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला और डिंडौरी जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है।

RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement