मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना में पालघर में तीसरी पर्वतीय सुरंग में आरपार खुदाई का काम पूरा | The Voice TV

Quote :

"समय वही बदलता है, जो समय के साथ बदलता है।" - गुलजार

National

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना में पालघर में तीसरी पर्वतीय सुरंग में आरपार खुदाई का काम पूरा

Date : 02-Jun-2026

 नई दिल्ली, 02 जून । मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत महाराष्ट्र के पालघर जिले में तीसरी पर्वतीय सुरंग के आर-पार खुदाई पूरी कर ली गई है। महाराष्ट्र के पालघर जिले के दहाणू तालुका के अंबेसरी गांव में स्थित 417 मीटर लंबी इस सुरंग के पूरा होने के साथ ही पिछले पांच महीनों में महाराष्ट्र में तीन पर्वतीय सुरंगों का उत्खनन कार्य पूरा हो गया।

राष्ट्रीय उच्च गति रेल निगम लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) के अनुसार यह सुरंग 14.4 मीटर चौड़ी है और इसे बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की अप तथा डाउन दोनों पटरियों को चलाने के लिए तैयार किया गया है। सुरंग की खुदाई दोनों सिरों से नियंत्रित ड्रिलिंग एवं ब्लास्टिंग तकनीक के जरिए की गई।

एनएचएसआरसीएल ने बताया कि निर्माण के दौरान संरचनात्मक स्थिरता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अत्याधुनिक निगरानी प्रणालियों तथा भू-तकनीकी उपकरणों का उपयोग किया गया। खुदाई के समय कंपन, सुरंग के व्यवहार और आसपास की संरचनाओं पर प्रभाव की निगरानी के लिए सरफेस सेटलमेंट प्वाइंट, त्रि-आयामी (3डी) लक्ष्य, स्ट्रेन गेज और सीस्मोग्राफ सहित विभिन्न रियल-टाइम मॉनिटरिंग प्रणालियां स्थापित की गई थीं।

सुरंग के भीतर कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए। इसमें उचित वेंटिलेशन प्रणाली, अग्नि सुरक्षा उपाय, नियंत्रित प्रवेश व्यवस्था और निरंतर भू-तकनीकी निगरानी शामिल रही।

एनएचएसआरसीएल के अनुसार मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना में कुल 8 पर्वतीय सुरंगें हैं। इनमें से 7 महाराष्ट्र के पालघर जिले में और एक गुजरात के वलसाड जिले में स्थित है। परियोजना के तहत 350 मीटर लंबी एमटी-08 सुरंग का ब्रेकथ्रू पांच अक्टूबर 2023 को पूरा हुआ था। 1.5 किलोमीटर लंबी एमटी-05 सुरंग का कार्य 02 जनवरी को और 454 मीटर लंबी एमटी-06 सुरंग का कार्य 03 फरवरी को पूरा किया गया था। अब 417 मीटर लंबी एमटी-07 सुरंग के आरपार खुदाई का काम भी पूरा हो गया है।

एनएचएसआरसीएल ने बताया कि एमटी-04 सुरंग में लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जबकि एमटी-03 सुरंग में 80 प्रतिशत से अधिक खुदाई पूरी हो चुकी है। शेष एमटी-01 और एमटी-02 सुरंगों का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।

वापी और बोइसर बुलेट ट्रेन स्टेशनों के बीच स्थित तीनों पर्वतीय सुरंगों एमटी-08, एमटी-07 और एमटी-06 का उत्खनन कार्य अब पूरा हो चुका है। मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर का यह हिस्सा महाराष्ट्र के बोइसर और गुजरात के वापी के बीच स्थित महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र से होकर गुजरता है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement