कोलकाता, 12 जून। पश्चिम बंगाल के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से लाेकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी की भड़काऊ टिप्पणियों से जुड़े मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है। इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिया गया है।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच पहले बिधाननगर साइबर अपराध थाना कर रहा था। अब तक की जांच में एकत्र किए गए सभी दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य और केस डायरी सीआईडी को सौंप दी गई है ताकि मामले की विस्तृत जांच की जा सके।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान जुटाई गई सामग्री, दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों का हस्तांतरण पूरा कर लिया गया है। सीआईडी अब शिकायत के सभी पहलुओं की जांच करेगी और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई करेगी।
यह मामला पांच मई को दर्ज की गई एक शिकायत से जुड़ा है। सामाजिक कार्यकर्ता राजीब सरकार ने उत्तर 24 परगना जिले के बागुईआटी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के एक दिन बाद दर्ज कराई गई थी।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया गया है कि अभिषेक बनर्जी ने चुनाव बाद हिंसा और मतगणना प्रक्रिया को लेकर भड़काऊ टिप्पणियां की थीं। यह भी दावा किया है कि बनर्जी की कुछ टिप्पणियां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से संबंधित थीं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले से जुड़े वीडियो क्लिप, सोशल मीडिया लिंक और अन्य डिजिटल सामग्री को सुरक्षित कर लिया गया है। सीआईडी इन सभी साक्ष्यों का परीक्षण कर यह तय करेगी कि आरोपों में कितनी सत्यता है और आगे क्या कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
मामले की जांच ऐसे समय सीआईडी को सौंपी गई है जब राज्य की राजनीति में चुनाव बाद हिंसा और राजनीतिक बयानबाजी को लेकर लगातार आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। सीआईडी की जांच से मामले के तथ्यों पर अधिक स्पष्टता आने की उम्मीद जताई जा रही है।
