आर्थिक तंगी बनी बेटी के विवाह में बाधा, ‘एक विचित्र पहल’ ने हर जरुरी मदद की | The Voice TV

Quote :

"समय वही बदलता है, जो समय के साथ बदलता है।" - गुलजार

National

आर्थिक तंगी बनी बेटी के विवाह में बाधा, ‘एक विचित्र पहल’ ने हर जरुरी मदद की

Date : 12-Jun-2026

 औरैया, 12 जून । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की बेटी के विवाह में मदद कर समाजसेवी संस्था एक विचित्र पहल सेवा समिति ने मानवता और सामाजिक सरोकार का उदाहरण प्रस्तुत किया। मोहल्ला दयालपुर निवासी संजय बाथम की पुत्री काजल के विवाह में मदद की है। कन्या के माता पिता परेशान थे और काजल की मां ने उषा देवी ने संस्था से सहयोग की गुहार लगाई थी।

काजल का विवाह 13 जून को कानपुर देहात के अमरौधा निवासी अरुण के साथ होना है। विवाह से एक दिन पूर्व शुक्रवार को संस्था के पदाधिकारी और सदस्य काजल के घर पहुंचे तथा उसका सम्मान करते हुए विवाह के लिए आवश्यक घरेलू सामग्री और आर्थिक सहायता प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान सखी ग्रुप की महिलाओं ने काजल का रोली-चावल से तिलक कर, माल्यार्पण एवं पुष्पवर्षा के साथ अभिनंदन किया। इसके बाद संस्था और जनसहयोग से एकत्रित सामग्री में 40 किलो आटा, 10 किलो चावल, अरहर दाल, गुड़, साड़ियां, सूट, तौलिया, स्टील के बर्तन, बेडशीट, बाल्टी, डिब्बा, परात, कैसरोल, कुकर, नाश्ता किट, टेबल फैन, कटोरी सेट, प्रेस, चूड़ियां, श्रृंगार सामग्री, ट्रैवल बैग और अन्य गृह उपयोगी सामान भेंट किए गए। साथ ही आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। मदद पाकर काजल और उसके परिजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे। स्थानीय लोगों ने संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।

संस्था के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) ने बताया कि समिति और जनसहयोग के माध्यम से अब तक 71 जरूरतमंद बेटियों के विवाह में सहायता की जा चुकी है। काजल संस्था द्वारा सहयोग प्राप्त करने वाली 72वीं बेटी है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है और यह सेवा आगे भी निरंतर जारी रहेगी। संस्था के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि समाज के सभी वर्गों की वास्तविक जरूरतमंद बेटियों के लिए दान और सहयोग का यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।

इस अवसर पर मंजू गुप्ता, राखी गुप्ता, एकता गुप्ता, बबिता गुप्ता, मंगला शुक्ला, पुष्पा गुप्ता, डॉ. आर्य प्रबुद्ध, संजय अग्रवाल, एल.एन. गुप्ता, विनोद कुमार पोरवाल, अमन गुप्ता, विनय, सतीश सहित संस्था के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement