हिमाचल में कई जगह आंधी और भारी वर्षा, गर्मी से राहत, 16 जून तक बारिश का अलर्ट | The Voice TV

Quote :

आचार्य चाणक्य: "समय और शिक्षा का सही उपयोग ही व्यक्ति को सफल बना देता है।"

National

हिमाचल में कई जगह आंधी और भारी वर्षा, गर्मी से राहत, 16 जून तक बारिश का अलर्ट

Date : 12-Jun-2026

 शिमला, 12 जून । हिमाचल प्रदेश में बीती रात से मौसम ने करवट ले ली है। राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, गरज के साथ बारिश और आसमानी बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज की गईं। इससे जहां भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं कुछ इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ और बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। मौसम विभाग ने 16 जून तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है।

बीती रात शिमला, कांगड़ा, भुंतर, सुंदरनगर, मनाली और कुफरी सहित कई स्थानों पर आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं हुईं। वहीं कुमारसेन और मलाना क्षेत्र में ओलावृष्टि (मध्यम स्तर) दर्ज की गई। हमीरपुर जिला के नेरी में 81 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। कई स्थानों पर पेड़ गिरने और अस्थायी बाधाएं आने से जनजीवन प्रभावित हुआ। शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के झाकड़ी क्षेत्र के ज्यूरी बाजार के पास इनएच-05 पर तेज आंधी से पेड़ उखड़ गया, जिससे कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध हो गया। बाद में इसे राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने कड़ी मशक्कत के बाद बहाल किया। इस घटना में दो वाहनों को हल्का नुकसान हुआ, जबकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

राज्य में कई स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। सोलन जिला के कसौली में सर्वाधिक 105.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई। धर्मपुर में 86.6 मिमी, धौलाकुआं में 43.5 मिमी, पालमपुर में 40.0 मिमी, सोलन में 34.6 मिमी, जोत और सराहन में 30-30 मिमी तथा नाहन में 26.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

बारिश और आंधी के चलते राज्य के तापमान में गिरावट आई है। पिछले 24 घंटों में औसत न्यूनतम तापमान में 2.4 डिग्री की कमी दर्ज की गई, जबकि सामान्य से 1.6 डिग्री नीचे तापमान रहा। मैदानी क्षेत्रों में पिछले दिन अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे भीषण गर्मी का असर देखा गया था।

राज्य के प्रमुख शहरों के न्यूनतम तापमान पर नजर डालें तो कुकुमसेरी 5.6 डिग्री, केलंग 7.0 डिग्री, कल्पा 8.6 डिग्री, कुफरी 8.9 डिग्री, ताबो 9.6 डिग्री, शिमला 13.4 डिग्री, सराहन 13.5 डिग्री, मनाली 13.6 डिग्री, पलमपुर 15.0 डिग्री, सेओबाग 15.4 डिग्री, जुब्बरहट्टी 15.6 डिग्री, सोलन 16 डिग्री, डलहौजी 16.2 डिग्री, नाहन 16.5 डिग्री, भुंतर 17.3 डिग्री, चंबा 17.8 डिग्री, धर्मशाला 18.4 डिग्री, नेरी 19.2 डिग्री, ऊना 19.4 डिग्री, सुंदरनगर 19.5 डिग्री, मंडी 19.9 डिग्री, बरठीं 20 डिग्री, कांगड़ा 20 डिग्री, बिलासपुर 21 डिग्री, पांवटा साहिब 23 डिग्री और देहरा गोपीपुर 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार आज और 13 जून को राज्य में कई स्थानों पर तेज हवाओं और आंधी के साथ बारिश की संभावना है। 14 से 16 जून तक कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा, जबकि 17 और 18 जून को केवल अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश का अनुमान है। विभाग ने 16 जून तक राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी-वर्षा व आसमानी बिजली कड़कने का अलर्ट जारी किया है।

पहले दो दिनों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और कुछ जगहों पर 60 किमी प्रति घंटे तक झोंके आने की चेतावनी दी गई है। शुरुआती चरण में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है, जबकि बाद के दिनों में अलर्ट में कमी आएगी।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार मानसून की उत्तरी सीमा धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है और मध्य भारत व उत्तर भारत के कई हिस्सों में इसके आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। क्षेत्र में चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ लाइन सक्रिय है, जिससे मौसम में यह बदलाव देखा जा रहा है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement