सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री मोहन माझी ने ओडिशावासियों का जताया आभार | The Voice TV

Quote :

"समय वही बदलता है, जो समय के साथ बदलता है।" - गुलजार

National

सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री मोहन माझी ने ओडिशावासियों का जताया आभार

Date : 12-Jun-2026

 भुवनेश्वर, 12 जून । ओडिशा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन माझी ने सोशल मीडिया के माध्यम से राज्यवासियों के नाम एक संदेश जारी कर उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 12 जून 2024 को भगवान जगन्नाथ की कृपा तथा जनता के आशीर्वाद और विश्वास के बल पर राज्य में सुशासन के एक नए युग की शुरुआत हुई थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा की मिट्टी के पुत्र के रूप में उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में जनता की सेवा करने का अवसर मिला। उन्होंने अपने राजनीतिक और सामाजिक जीवन की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षक, सरपंच और विधायक के रूप में लोगों के सुख-दुख का साथी बनने के बाद आज मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए भी उनका सेवा भाव पहले की तरह कायम है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का पद उनके लिए सत्ता का प्रतीक नहीं, बल्कि जनसेवा का एक पवित्र माध्यम है। पिछले दो वर्षों में उनकी सरकार ने केवल प्रशासनिक कार्य नहीं किए, बल्कि सेवा, समर्पण और सुशासन के माध्यम से जनता का विश्वास जीतने का प्रयास किया है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि गांव से शहर, कृषि से उद्योग और शिक्षा से स्वास्थ्य तक प्रत्येक क्षेत्र में विकास की नई धारा प्रवाहित हो रही है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय राज्य की जनता के सहयोग, विश्वास और आशीर्वाद को दिया।

उन्होंने कहा कि एक समृद्ध, सशक्त और विकसित ओडिशा का निर्माण उनकी सरकार का प्रमुख लक्ष्य है। यह केवल उनका सपना नहीं, बल्कि साढ़े चार करोड़ ओडिशावासियों का सामूहिक संकल्प है। उन्होंने राज्य के लोगों से विकास की इस यात्रा को और गति देने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका जीवन ओडिशा की सेवा के लिए समर्पित है और आगे भी रहेगा। उन्होंने कहा कि जनता का अटूट विश्वास और स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है तथा राज्य के विकास की इस यात्रा के वास्तविक नायक ओडिशा के लोग ही हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement