राजस्थान के 20 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट, कई जगह ओलावृष्टि | The Voice TV

Quote :

"समय वही बदलता है, जो समय के साथ बदलता है।" - गुलजार

National

राजस्थान के 20 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट, कई जगह ओलावृष्टि

Date : 12-Jun-2026

 जयपुर, 12 जून । राजस्थान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदलने लगा है। गुरुवार को प्रदेश के उत्तर-पूर्वी जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हुई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी 20 जिलों में तेज आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

प्रदेश में गुरुवार दोपहर बाद श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर और अलवर सहित कई जिलों में बादल छा गए। अलवर, कोटपूतली-बहरोड़ और श्रीगंगानगर के कई क्षेत्रों में बारिश के साथ ओले गिरे। तेज अंधड़ और बरसात से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, हालांकि कई जिलों में दिनभर उमस बनी रही।

प्रदेश में गर्मी का प्रकोप भी जारी है। पिछले 24 घंटों में जैसलमेर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस मापा गया। श्रीगंगानगर में पारा 44.6 डिग्री तक पहुंच गया।

चूरू, जैसलमेर और श्रीगंगानगर के कई क्षेत्रों में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

जयपुर, अजमेर, कोटा और जोधपुर संभाग के कई हिस्सों में हवा में नमी बढ़ने से उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया। दिन में तेज धूप और गर्मी के बाद शाम को मौसम बदलने से राहत मिली। श्रीगंगानगर में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि हनुमानगढ़, अलवर और झुंझुनूं के कुछ इलाकों में भी बूंदाबांदी हुई।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और सतर्कता बरतने की सलाह दी है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement