अधिक मास में तीर्थराज पुष्कर सरोवर में पंच तीर्थ स्नान शुरू | The Voice TV

Quote :

"समय वही बदलता है, जो समय के साथ बदलता है।" - गुलजार

National

अधिक मास में तीर्थराज पुष्कर सरोवर में पंच तीर्थ स्नान शुरू

Date : 12-Jun-2026

 अजमेर, 12 जून । तीर्थराज पुष्कर में ज्येष्ठ मास पर सरोवर में पंच तीर्थ स्नान के लेकर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। कमला एकादशी के मौके पर भीषण गर्मी में भी आस्था भारी नजर आई। गुरुवार से लेकर शुक्रवार सुबह प्रदोष तक पुष्कर सरोवर में डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाकर पूजा अर्चना कर जगतपिता ब्रह्मा मंदिर के दर्शन किए। इसी के साथ अधिक मास पंचतीर्थ स्नान का शुभारंभ हो गया।

अलसुबह से ही कस्बे में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली काफी संख्या में आस्थावानों ने पवित्र पुष्कर सरोवर में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। वहीं स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने सरोवर की परिक्रमा कर ब्रह्मा मंदिर समेत प्रमुख मंदिरों के दर्शन किए। इस बार नगर परिषद और पुलिस पुलिस की तरफ से शानदार व्यवस्था की गई । अलसुबह से कस्बे में स्नानार्थियों की उमड़ी भीड़ के कारण घाटों व मंदिरों में खासी चहल-पहल शुरू हो गई। सुबह से ही काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाना शुरू कर दिया जो देर शाम तक चलता रहा। जो तीर्थयात्री पुष्कर में ही विभिन्न धर्मशालाओं और आश्रमों में ठहरे हुए थे, उन्होंने शुक्रवार सुबह भी पवित्र सरोवर में डुबकी लगाकर पूजा अर्चना कर जगत पिता ब्रह्मा मंदिर के दर्शन किए।

ज्येष्ठ मास की कमला एकादशी पर पुष्कर सरोवर में स्नान का विशेष महत्व माना जाता है। इस दिन भगवान को पवित्र नदियों व सरोवर में शीतल जल से ज्येष्ठा अभिषेक कराया जाता है। इसी के चलते पुष्कर सरोवर में भी स्नान कर पुण्य कमाने के लिए आस-पास से हजारों श्रद्धालु आए तथा सरोवर में स्नान कर खुशहाली के लिए पूजा-अर्चना की । सुबह से ही पवित्र सरोवर के घाटों बाजारों मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली वहीं पुष्कर के बाजारों में जगह-जगह दुकानदारों और भामाशाह के द्वारा पीने के पानी के लिए पानी के कैंपर लगाए तो कहीं लोगों ने श्रद्धालुओं के लिए मिल्क रोज शरबत की भी व्यवस्था की गई।

तीर्थ नगर पुष्कर में कमला एकादशी के पावन अवसर पर होने वाले विशेष स्नान में भारी भीड़ को देखते हुए इस बार नगर परिषद प्रशासन की तरफ से पवित्र सरोवर के घाटों पर यात्रियों की सुविधा के लिए माकूल व्यवस्था की गई। नगर परिषद के आयुक्त जर्नादन शर्मा के दिशा निर्देशों पर रात्रि में सरोवर के मुख्य घाटों पर कारपेट बिछाए गए भीषण गर्मी से बचने के लिए छाया के लिए टेंट लगाए गए मुख्य घाटों पर बिजली और साफ सफाई की माकूल व्यवस्था की गई । आयुक्त जनार्दन शर्मा की मौजूदगी में रात्रि में घाटों की सीढ़ियों पर जमी काई को भी साफ किया गया नगर परिषद की तरफ से पहली बार इस तरह की शानदार व्यवस्था को देखकर सभी ने सराहना की।

उधर मुख्य गऊ घाट पर स्नान करते वक्त पानी में सांप आ जाने से अफरा तफरी मच गई सरोवर में स्नान कर रहे श्रद्धालु इधर उधर भागने लगे इस दौरान एक महिला श्रदालु को सांप ने डस लिया जिसे तुरंत पुष्कर अस्पताल पहुंचा कर उपचार करवाया गया।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement