अयोध्या, 02 जून । उत्तर प्रदेश शासन के आयुष विभाग की जनकल्याणकारी योजना 'आयुष आपके द्वार' के अंतर्गत मंगलवार काे राजकीय डॉ. बृज किशोर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय, देवकाली द्वारा कैंटोनमेंट क्षेत्र स्थित ब्रिगेड कमांड के वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर में होम्योपैथिक ओपीडी का शुभारंभ किया गया। पहले दिन 30 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आशीष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य सैनिकों और उनके परिवारजनों को सुलभ, समग्र एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर सैनिकों को होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति के लाभों के बारे में जानकारी भी दी गई।
प्राचार्य डॉ. सिंह ने कहा कि होम्योपैथी न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को भी सुदृढ़ बनाने में सहायक है। उन्होंने बताया कि सैनिकों को सेवा के दौरान तनाव, अनिद्रा और मानसिक दबाव जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, जिनके प्रबंधन में होम्योपैथिक चिकित्सा प्रभावी भूमिका निभा सकती है।
ओपीडी का संचालन मेडिकल ऑफिसर डॉ. रिचा पांडे एवं इंटर्न कविता यादव द्वारा किया गया। परामर्श के बाद मरीजों को आवश्यक होम्योपैथिक औषधियों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में प्रोफेसर डॉ. चंद्रशेखर यादव और डॉ. विकास मिश्रा ने भी सहभागिता करते हुए जनजागरूकता गतिविधियों एवं आयोजन के सफल संचालन में सहयोग प्रदान किया। होम्योपैथिक ओपीडी प्रत्येक मंगलवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक संचालित होगी। आवश्यकता के अनुसार भविष्य में इसकी सेवाओं का विस्तार भी किया जा सकता है।
