भाजपा नेताओं ने सेल-आईएसपी डीआइसी से की मुलाकात, दुर्गापूजा तक राहत की मांग | The Voice TV

Quote :

"समय वही बदलता है, जो समय के साथ बदलता है।" - गुलजार

National

भाजपा नेताओं ने सेल-आईएसपी डीआइसी से की मुलाकात, दुर्गापूजा तक राहत की मांग

Date : 03-Jun-2026

 पश्चिम बर्दवान, 03 जून। सेल-आईएसपी (इस्को स्टील प्लांट) बर्नपुर द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर मंगलवार देर शाम को भाजपा के पश्चिम बर्दवान जिलाध्यक्ष देवतुनु भट्टाचार्य, बीएमएस से संबद्ध बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ के महासचिव संजीत बनर्जी तथा भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बप्पा चटर्जी ने सेल-आईएसपी के डीआइसी सुरजीत मिश्रा से मुलाकात की। इस दौरान नेताओं ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और उससे प्रभावित होने वाले लोगों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।

भाजपा नेताओं ने कहा कि उनकी पार्टी औद्योगीकरण, उद्योगों के विस्तार और क्षेत्र के समग्र विकास के पक्ष में है। बर्नपुर और आसनसोल क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाएं हैं तथा सेल-आईएसपी द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाने के अभियान का वे समर्थन करते हैं। उनका मानना है कि इससे सड़कों का चौड़ीकरण होगा, यातायात व्यवस्था बेहतर बनेगी और आम नागरिकों को विभिन्न सुविधाएं मिलेंगी।

नेताओं ने इस बात पर भी जोर दिया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान मानवता और संवेदनशीलता का परिचय दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बर्नपुर टाउन और आसपास के क्षेत्रों में अनेक छोटे दुकानदार वर्षों से व्यवसाय कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। ऐसे लोगों के हितों और आजीविका को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को मानवीय दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।

मुलाकात के दौरान भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने डीआईसी-सेल अधिकारियों से यह भी अनुरोध किया कि अवैध अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया जारी रहे, लेकिन छोटे दुकानदारों और प्रभावित परिवारों को दुर्गापूजा तक कुछ राहत और समय दिया जाए, ताकि वे अपनी आजीविका के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर सकें।

भाजपा नेताओं ने सेल-आईएसपी प्रबंधन से आग्रह किया कि जिन परिवारों की रोजी-रोटी इन दुकानों पर निर्भर है, उनके पुनर्वास या वैकल्पिक व्यवस्था पर गंभीरता से विचार किया जाए।

नेताओं ने बताया कि इस संबंध में सेल-आईएसपी प्रबंधन के माध्यम से इस्पात मंत्रालय तक भी अपनी बात पहुंचाने का आग्रह किया गया है। उनका कहना था कि क्षेत्र का विकास, अतिक्रमण मुक्त वातावरण और प्रभावित परिवारों के हितों की रक्षा—तीनों को साथ लेकर चलना ही सबसे बेहतर समाधान होगा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement