पूर्वी सिंहभूम, 05 जून। परसुडीह के खासमहल से गोविंदपुर तक अधूरे पड़े सड़क निर्माण कार्य को लेकर सियासत तेज हो गई है।
पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता दुलाल भुईयां ने जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सड़क निर्माण को लेकर हाल के दिनों में दिखाई जा रही सक्रियता केवल दिखावा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के आंदोलन के बाद ही विधायक और विभागीय अधिकारी जागे हैं।
शुक्रवार को दुलाल भुईयां ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि खासमहल-गोविंदपुर सड़क की बदहाल स्थिति से क्षेत्र की जनता लंबे समय से परेशान है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, धूल और अधूरा निर्माण लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है, लेकिन स्थानीय विधायक और सरकार ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि गुरुवार को भाजपा की ओर से उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किए जाने के बाद अचानक पूरा सरकारी तंत्र हरकत में आ गया।
भुईयां ने विधायक मंगल कालिंदी की ओर से गुरुवार को विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर नाराजगी जताने और अधिकारियों को फटकार लगाने की कार्रवाई पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि यह सब जनता को गुमराह करने का प्रयास है। विधायक अधिकारियों को डांटने का नाटक कर रहे हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि वे सरकार की विफलताओं और सड़क निर्माण में हुई कथित अनियमितताओं पर पर्दा डालने में लगे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग और संवेदक की लापरवाही, भ्रष्टाचार के कारण सड़क निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है, लेकिन जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। भाजपा नेता ने कहा कि यदि विधायक वास्तव में गंभीर होते तो जनता को इतनी परेशानी नहीं झेलनी पड़ती।
भुईयां ने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी और सड़क निर्माण में हुई देरी तथा संभावित भ्रष्टाचार की जांच की मांग करेगी। उन्होंने कहा कि जनता के हितों के साथ खिलवाड़ करने वालों को भाजपा बेनकाब करेगी और किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार को दबने नहीं देगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के दबाव के कारण ही अब विभागीय अधिकारी निरीक्षण करने और काम शुरू कराने की बात कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार
की सुबह भाजपा की ओर से उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया गया था, जिसके बाद जुगसलाई विधानसभा के विधायक मंगल कालिंदी सक्रिय हो गए और विभागीय अधिकारियों व इंजीनियरों को फटकार लगाई। जिसके बाद विभागीय कर्मचारी और इंजीनियर अधूरे सड़क के निर्माण के लिए खासमहल गोविंदपुर पहुंच गए।
