सिलीगुड़ी, 05 जून। अनास्था प्रस्ताव दायर होने के बाद तृणमूल कांग्रेस संचालित अपर बागडोगरा ग्राम पंचायत के तृणमूल प्रधान संजीव सिन्हा ने अपने पद से शुक्रवार को इस्तीफा दे दिया। उन्होंने बीडीओ को त्याग पत्र सौंपकर औपचारिक रूप से पद त्याग की जानकारी दी।
बताया गया कि 25 मई को तृणमूल कांग्रेस के बागी पंचायत सदस्यों और कांग्रेस के सदस्यों ने मिलकर प्रधान के खिलाफ अनास्था प्रस्ताव पेश किया था। 21 सीटों वाली इस ग्राम पंचायत में 2022 के चुनाव में तृणमूल को 11, कांग्रेस को सात, भाजपा को दो और आदिवासी विकास परिषद को एक सीट मिली थी। बहुमत के आधार पर संजीव सिन्हा प्रधान बने थे।
इस्तीफा देने के बाद संजीव सिन्हा ने कहा कि अनास्था प्रस्ताव के बाद उनकी सम्मानहानि हुई, इसलिए उन्होंने पद छोड़ने का फैसला लिया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे किसी भी तरह के भ्रष्टाचार में शामिल नहीं हैं और जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए काम किया।
