विश्व पर्यावरण दिवस पर ग्रीनाथॉन का आयोजन | The Voice TV

Quote :

"जो लोग अपनी सोच नहीं बदल सकते, वे कुछ भी नहीं बदल सकते।" — जॉर्ज बर्नार्ड शॉ

National

विश्व पर्यावरण दिवस पर ग्रीनाथॉन का आयोजन

Date : 05-Jun-2026

 पूर्वी सिंहभूम, 05 जून ।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जमशेदपुर वन प्रमंडल की ओर से सोनारी स्थित वन भवन परिसर में “ग्रीनाथॉन–वॉक फॉर एनवायरमेंट” का आयोजन किया गया।

पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 400 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसमें वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, पर्यावरण प्रेमी, महिलाएं और युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक (आरसीसीएफ) स्मिता पंकज और प्रभागीय वन पदाधिकारी (डीएफओ) सबा आलम अंसारी की उपस्थिति में हुई। दोनों अधिकारियों ने प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाते हुए प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया। इसके बाद लगभग पांच किलोमीटर लंबी जागरूकता पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

पदयात्रा में शामिल लोग हाथों में पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण और प्लास्टिक मुक्त जीवन से जुड़े संदेशों वाली तख्तियां लिए हुए थे। पूरे मार्ग में हरियाली बढ़ाने, जल संरक्षण करने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के नारे गूंजते रहे। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का भी आयोजन किया गया।

आरसीसीएफ स्मिता पंकज ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

वहीं डीएफओ सबा आलम अंसारी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण की चुनौतियों से निपटने के लिए जनजागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि वन विभाग लगातार पौधारोपण और संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम चला रहा है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement