दक्षिण बंगाल के कई जिलों में सात दिनों तक बारिश के आसार | The Voice TV

Quote :

"जो लोग अपनी सोच नहीं बदल सकते, वे कुछ भी नहीं बदल सकते।" — जॉर्ज बर्नार्ड शॉ

National

दक्षिण बंगाल के कई जिलों में सात दिनों तक बारिश के आसार

Date : 05-Jun-2026

 कोलकाता, 05 जून । दक्षिण बंगाल में तपती गर्मी के बीच शुक्रवार तड़के कोलकाता और उसके आसपास के विस्तृत इलाकों में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के चलते कुछ राहत मिली है।

अलीपुर मौसम विभाग ने बताया है कि दक्षिण बंगाल के कम से कम छह जिलों में अगले एक सप्ताह तक बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं, उत्तर बंगाल के कई जिलों में भारी वर्षा का दौर जारी रहने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को कोलकाता में आंधी-तूफान और वज्रपात के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। शुक्रवार से अगले गुरुवार तक उत्तर 24 परगना, पूर्व बर्दवान, पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया जिलों में गरज-चमक के साथ बिखरी हुई बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं।

कोलकाता, हावड़ा, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में भी शुक्रवार के बाद बारिश जारी रहने की संभावना है, लेकिन इन जिलों के लिए कोई विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। हुगली में सोमवार, दक्षिण 24 परगना में रविवार तथा पूर्व मेदिनीपुर में रविवार और मंगलवार को आंधी-बारिश की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण बंगाल के जिलों में अगले सात दिनों के दौरान तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। समुद्र में जाने वाले मछुआरों के लिए भी फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

उल्लेखनीय है कि गुरुवार को देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून का आधिकारिक प्रवेश हो गया। सामान्यतः केरल में मानसून एक जून को पहुंचता है, लेकिन इस वर्ष यह निर्धारित समय से तीन दिन की देरी से पहुंचा। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार मानसून धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ रहा है, जबकि उत्तर और पूर्वी भारत के राज्यों में इसके पहुंचने में अभी कुछ समय लगेगा। मौसम विभाग ने जून के अंतिम सप्ताह या जुलाई के प्रारंभ में उत्तर भारत में मानसून के प्रवेश की संभावना जताई है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement