मप्र के इंदौर में ब्रिक्स कृषि कार्य समूह की बैठक शुरू, 21 देशों के प्रतिनिधि ले रहे हिस्सा | The Voice TV

Quote :

"अगर आप वो पाना चाहते हैं जो आपने कभी नहीं पाया, तो आपको वो करना होगा जो आपने कभी नहीं किया।" — स्टीव जॉब्स

National

मप्र के इंदौर में ब्रिक्स कृषि कार्य समूह की बैठक शुरू, 21 देशों के प्रतिनिधि ले रहे हिस्सा

Date : 10-Jun-2026

 इंदौर/भोपाल, 09 जून । मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में केन्द्र सरकार द्वारा ब्रिक्स शिखर सम्मेलन-2026 के अंतर्गत कृषि कार्य समूह का महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन मंगलवार से शुरू गया है। यहां ग्रेंड शेरेटन होटल में 13 जून तक चलने वाले इस उच्च स्तरीय सम्मेलन में पहले दिन कृषि कार्य समूह की बैठक हुई, जिसमें 21 देशों के कृषि मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, नीति निर्धारक एवं विशेषज्ञों ने भाग लिया।

मंगलवार सुबह 10 बजे शुरू हुई बैठक में पहले दिन खाद्य सुरक्षा, कृषि में नवाचार, जलवायु-अनुकूल कृषि, कृषि व्यापार और लघु किसानों के सशक्तिकरण पर केंद्रित तीन सत्रों का आयोजन किया गया है। इनमें ब्राजील, इंडोनेशिया, चीन, ईरान, दक्षिण अफ्रीका, संयुक्त अरब अमीरात और अन्य सदस्य देशों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

पहले सत्र में भारत और रूस के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई। चर्चा का मुख्य केंद्र द्विपक्षीय सहयोग को गहरा करना, कृषि व्यापार का विस्तार करना और सतत कृषि विकास को गति देने के लिए तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देना था। बैठक में खाद्य आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करने, बाजार पहुंच और जलवायु-लचीली खेती में सहयोगात्मक अनुसंधान सहित पारस्परिक प्राथमिकताओं पर रचनात्मक विचार-विमर्श हुआ, जो रणनीतिक साझेदारी को सुदृढ़ करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

बैठक में शामिल ब्रिक्स देश के अधिकारियों से कृषि और किसान कल्याण विभाग के सचिव ने चर्चा की। उन्होंने किसान-केंद्रित और टिकाऊ कृषि विकास को आगे बढ़ाने के लिए सहयोग को मजबूत करने, इनोवेशन को बढ़ावा देने और जलवायु के प्रति लचीलापन (क्लाइमेट रेजिलिएंस) बढ़ाने के महत्व पर जोर दिया।

बैठक में सदस्य देशों के बीच खाद्य सुरक्षा, पोषण और आजीविका, कृषि व्यापार और सहयोग, तथा पुनर्योजी (रीजेनरेटिव) और जलवायु-अनुकूल कृषि को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई। इन चर्चाओं में कृषि प्रणालियों को मजबूत करने और ब्रिक्स देशों में समावेशी व टिकाऊ विकास को बढ़ावा देने की साझा प्रतिबद्धता दिखाई दी।

बता दें कि सम्मेलन में शुरुआती तीन दिन यानी 9 से 11 जून तक कृषि कार्य समूह की बैठकें होंगी और इसके बाद 12 से 13 जून को मुख्य कृषि मंत्रियों की बैठक का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान खाद्य हानि को कम करने, पशुपालन, मत्स्य पालन और किसानों के अधिकारों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी गंभीर मंथन होगा।

बैठक में हिस्सा लेने के साथ ही ब्रिक्स समूह देशों के प्रतिनिधि शहर के ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण भी कर रहे हैं। विदेशी मेहमान मंगलवार को इंदौर के राजवाड़ा पहुंचे और इंदौर के होलकरकालीन ऐतिहासिक वैभव को देखा। यहां पर इतिहासकारों ने उन्हें इंदौर के ऐतिहासिक महत्व की जानकारी दी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement