तेलंगाना में बदलाव लाएगी कांग्रेस : प्रियंका गांधी | The Voice TV

Quote :

" जो स्वयं पर विजय पा लेता है, उसे संसार पराजित नहीं कर सकता।"

National

तेलंगाना में बदलाव लाएगी कांग्रेस : प्रियंका गांधी

Date : 19-Nov-2023

 खानापुर, 19 नवंबर । कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी ने कहा कि तेलंगाना के अलग राज्य बनने के बावजूद लोगों की आकांक्षाएं पूरी नहीं हुई हैं। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने यहां के लोगों की आकांक्षाओं के अनुरूप तेलंगाना दिया। उन्होंने संयुक्त आदिलाबाद जिले के खानापुर और आसिफाबाद में आयोजित कांग्रेस विजयभेरी सभाओं को संबोधित कर रहीं थीं। आज सवेरे सबसे पहले प्रियंका गांधी महाराष्ट्र के नांदेड़ से हेलीकॉप्टर से खानापुर पहुंचीं। यहां की जनसभा में उन्होंने कि सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति और भाजपा की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस बदलाव लाएगी।

प्रियंका ने कहा कि “जल, जंगल और ज़मीन की संस्कृति आदिवासियों की है। यह विश्व की सर्वोच्च संस्कृति है। इंदिरा गांधी के शासनकाल में आदिवासियों और जनजातियों के अधिकारों की रक्षा के लिए कानून बनाए गए थे इसीलिए इंदिरा गांधी जी की मृत्यु के 40 साल बाद भी वे उनके द्वारा किए गए अच्छे कार्यों के बारे में सोचते हैं। इंदिरा गांधी की स्मृतियां आपके मन में मजबूती से है। लोकतंत्र में जनता ही जनार्दन है। प्रियंका ने आश्वासन दिया कि कांग्रेस जानती है कि तेलंगाना को विकास के मार्ग पर कैसे आगे ले जाना है।

प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस विचारधारा पर आधारित पार्टी है। इस राज्य में 40 लाख बेरोजगार युवा हैं। उन्हें तो नौकरी नहीं मिली लेकिन केसीआर परिवार के सदस्यों को नौकरी मिल गयी। बेरोजगार युवकों के साथ काफी अन्याय हुआ है। यह कहकर परीक्षा आयोजित की गई कि भर्तियां की जा रही हैं, फिर भी पेपर लीक हो गए। इसीलिए हम कह रहे हैं कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो हम जॉब कैलेंडर के मुताबिक नियुक्तियां करेंगे।

उन्होंने कहा कि तेलंगाना के नागरिक का सपना था कि अलग राज्य में उनका जीवन बदल जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। राज्य में अगर सरकार बनती है तो हम आंदोलन में शहीद हुए लोगों के परिवार में से एक को नौकरी देंगे।

प्रियंका गांधी ने कहा कि वर्तमान सरकार भ्रष्टाचार लिप्त है और कालेश्वरम परियोजना, मिशन भगीरथ ने राज्य में लूटपाट की। सरकारी पैसा और जनता का पैसा अलग-अलग नहीं है। प्रियंका ने केंद्र सरकार की भी कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने बड़े कारोबारियों का कर्ज माफ किया लेकिन उसका कहना है कि किसानों का कर्ज माफ करने के लिए निधि नहीं है।

भाजपा की खिंचाई करते प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत सरकार के भ्रष्टाचार पर ध्यान देने की बजाय जांच एजेंसियों को कांग्रेस नेताओं के घर भेज रहे हैं। वे ऐसा इसलिए कर रहे हैं क्योंकि भाजपा और सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति एक हैं।

प्रियंका ने याद दिलाया कि संसद में केसीआर की पार्टी ने केंद्र के कई विधेयकों के समर्थन में मतदान किया। एमआईएमआईएम नेता असदुद्दीन ओवैसी राज्य में केसीआर और केंद्र में बीजेपी का समर्थन कर रहे हैं। ये तीनों पार्टियां एक हैं।

प्रियंका ने कहा कि महिलाओं को काफी परेशानी हो रही है। हमने उनकी कठिनाई को पहचानने के लिए घोषणापत्र में कई बिंदुओं को शामिल किया है। हमने हर महीने उनके खाते में 2500 रुपये जमा करने का फैसला किया।'

प्रियंका ने कहा कि हम छह गारंटी लागू करेंगे जिनमें 500 रुपये में गैस सिलेंडर, बसों में मुफ्त परिवहन, 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली, इंदिराम्मा घर, 15 हजार रुपये का किसान बांड, 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा और समर्थन मूल्य जैसी योजनाएं शामिल हैं. किसानों को फसलों के लिए उचित दाम हमारे प्राथमिकता होगी।

प्रियंका ने आसिफाबाद में एक सभा में भाग लिया और कहा कि अगर कांग्रेस तेलंगाना में सत्ता में आई तो युवाओं को 2 लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी। “सत्तासीन बीआरएस धरणी के माध्यम से किसानों और लोगों को धोखा दे रही है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement