नई दिल्ली, 20 फरवरी | जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज शनिवार यानी 25 फरवरी को दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर भारत आयेंगे। चांसलर के तौर पर यह उनकी पहली भारत यात्रा है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार शोल्ज के साथ वरिष्ठ अधिकारी और उच्चाधिकार प्राप्त व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी भारत आ रहा है। चांसलर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। वे लोग दोनों देशों के सीईओ और बिजनेस लीडर के साथ संवाद भी करेंगे।
चांसलर ओलाफ का उनके आगमन पर राष्ट्रपति भवन में आधिकारिक स्वागत किया जाएगा। उनका राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के साथ मुलाकात का भी कार्यक्रम है।
मंत्रालय के अनुसार 2011 में द्विवार्षिक अंतर-सरकारी परामर्श (आईजीसी) तंत्र शुरू होने के बाद से यह किसी जर्मन चांसलर की पहली भारत यात्रा है। यह तंत्र एक संपूर्ण-सरकारी ढांचा है, जिसके तहत दोनों देशों के मंत्री अपने संबंधित क्षेत्रों में जिम्मेदारी के बारे में चर्चा करते हैं और चर्चा के परिणाम पर प्रधानमंत्री और चांसलर को रिपोर्ट करते हैं।
चांसलर शोल्ज की यात्रा दोनों पक्षों को 6वें आईजीसी के प्रमुख परिणामों का जायजा लेने और प्रगति करने, सुरक्षा और रक्षा सहयोग को मजबूत करने, घनिष्ठ आर्थिक संबंधों की दिशा में काम करने, प्रतिभा की गतिशीलता के अवसर बढ़ाने और विज्ञान और प्रौद्योगिकी में चल रहे सहयोग को रणनीतिक मार्गदर्शन देने में सक्षम बनाएगी।
