फिल्मार्ट 2026- अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं ने दिया रचनात्मक बौद्विक संपदा के मूल्यांकन पर जोर | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

Art & Music

फिल्मार्ट 2026- अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं ने दिया रचनात्मक बौद्विक संपदा के मूल्यांकन पर जोर

Date : 09-Apr-2026

 हांगकांग, 09 अप्रैल। हांगकांग में गत माह संपन्न 30वें हांगकांग अंतरराष्ट्रीय फिल्म और टीवी बाजार (फिल्मार्ट) और एंटरटेनमेंटपल्स में भाग लेने वाले फिल्म एवं टेलीविजन कंटेट निर्माण क्षेत्र में काम करने वाले पेशेवरों ने दुनिया के सीमाई एवं भाषाई बाधाओं को पार कर जुड़ने और रचनात्मक बौद्विक संपदा के मूल्यांकन पर जोर देते हुए निर्माण की विविधता के लिए साझीदारियों पर काम करने की दिशा में रुचि व्यक्त की।

मार्च में 17 से 20 तारीख के बीच यहां सफलतापूर्वक संपन्न इस चार दिवसीय आयोजन में 53 देशों और क्षेत्रों से लगभग 8,000 फिल्म उद्योग के विशेषज्ञों ने भाग लिया जिन्होंने आर्टिफीशियल इंटेलीजेंस (एआई) तथा रचनात्मक बौद्विक संपदा यानी क्रिएटिव इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी (आईपी) के बेहतर के उपयोग के मुद्दों पर गहन विचार मंथन किया।



हांगकांग व्यापार विकास परिषद द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी में 38 देशों और क्षेत्रों के 790 फिल्म प्रदर्शक शामिल हुए। इनमें आसियान सदस्य देशों – कंबोडिया, मलेशिया, थाईलैंड और वियतनाम – के साथ-साथ कनाडा, फ्रांस, इटली, कोरिया, ब्रिटेन और अमेरिका जैसे पुराने एवं मंझे हुए बाजार भी शामिल थे। आयोजकों के अनुसार इस आयोजन में विविधता पूर्ण भागीदारी ने हांगकांग की सांस्कृतिक और कलात्मक आदान-प्रदान की जीवंत भूमिका को पुन: रेखांकित किया है।



फिल्मार्ट में अनेक प्रतिभागी पहली बार आए थे और यहां आने के बाद उनका अनुभव उत्साहजनक रहा। सिंगापुर की सीओएल इंटरनेशनल ग्रुप के महाप्रबंधक टिमोथी ओह ने इस मौके पर कहा, "तुर्की, ब्रिटेन, अमेरिका, ब्राजील से साझीदारों से मुलाकात से नये अवसरों की राह खुली और कुल मिलाकर हॉन्गकॉन्ग में यह आयोजन नयी संभावनाओं और अवसरों से भरा है।"

श्रीलंका की मोगो स्टूडियोज की जीएम सचिता कलिंगमुदली ने कहा, "उनके साथ काम करने को लेकर दुनिया भर के डिस्ट्रीब्यूटर्स ने रुचि दिखाई है और इस प्रकार से यह भविष्य के साझीदारियों की शानदार शुरुआत है।" म्यांमार की कंपनी "ए ट्वेंटी थ्री" ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहला कदम फिल्मार्ट में घोषित किया। कंपनी के संस्थापक अर्कर सो ऑन ने अमेरिका/यूरोप डिस्ट्रीब्यूटर्स से जुड़ने और अगले साल एक बड़ी योजना पर काम करने की बात कही।

निर्माताओं के साथ खरीदार भी खासे उत्साहित दिखे। ब्रिटेन के खरीदार बिजान टॉन्ग ने मोफाक के साथ रणनीतिक समझौता किया और कई सह-उत्पादनों पर काम करने की योजना को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा, "फिल्मार्ट वास्तविक सौदों एवं साझीदारियों का मंच है। इस आयोजन में एशिया मीटिंग्स निवेश के अवसर में बदल गईं।"

एआई हब में चीन की तकनीकी कंपनियों ने एनिमेशन, शॉर्ट ड्रामा और डिजिटल ह्यूमन्स के लिए एआई डेमो दिए। दाओगू कल्चर के सीईओ झिहान झांग ने कहा, "फिल्मार्ट हमें वैश्विक जरूरतों से जोड़ता है और यह विदेशी विस्तार की कुंजी साबित हुआ है।" नई एआई एकेडमी ने 19 वर्कशॉप्स आयोजित किये जिन्हें सांस्कृतिक एंड क्रिएटिव इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट एजेंसी और फिल्म डेवलपमेंट फंड द्वारा सहयोग मिला।

फिल्मार्ट में हॉन्गकॉन्ग और दुनिया भर से 100 से अधिक निर्माता, प्रोड्यूसर्स कनेक्ट में जुटे। इसका आयोजन हांगकांग स्वायत्त शासन के संस्कृति, खेल एवं पर्यटन विभाग द्वारा किया गया। पैनल्स में संयुक्त रूप से उत्पादन पर चर्चा हुई। गोल्डन ग्लोब विजेता जेनेट यांग बोलीं, "दुनिया सीमाओं के परे विकसित हो रही है, भाषाओं की बाधाएँ मिट रही हैं।" निर्देशक पीटर चान ने कहा, "विभिन्न क्षेत्रों से निवेशकों को विविधता लाना चाहिए और अपना विजन बाज़ार में पेश करना चाहिए।"

फिल्मार्ट में विभिन्न फोरम के आयोजन ने कई ट्रेंड्स सेट किये। एंटरटेनमेंटपल्स और डिजिटल एंटरटेनमेंट समिट के 48 फोरम ने एआई, स्ट्रीमिंग, शॉर्ट ड्रामा और फाइनेंसिंग पर रोशनी डाली। गोल्डफिंच इंटरनेशनल के जस्टिन डीमेन ने सलाह दी कि क्रिएटिव इंटलेक्चुअल प्रॉपर्टी का मूल्यांकन करें और उनके मूल्य के बिना निवेश नहीं करें।"

हांगकांग व्यापार विकास परिषद के अनुसार फिल्मार्ट और एंटरटेनमेंटपल्स 2026 ने न केवल हांगकांग को एशिया के एक प्रमुख मनोरंजन व्यापार केंद्र के रूप में मजबूती से स्थापित किया है बल्कि यह भी दिखाया है कि नवान्वेषण, सहयोग और सीमा-पार साझीदारियाँ वैश्विक फिल्म और टेलीविजन उद्योग का भविष्य तय कर रही हैं। इस आयोजन से फिल्मार्ट भी एक बार फिर से एशिया के सबसे प्रभावशाली कारोबारी प्लेटफॉर्म के रूप में अपनी महत्ता रेखांकित करने में सफल रहा। सिंगापुर, श्रीलंका और म्यांमार के प्रथम बार भाग लेने वाले प्रदर्शकों ने अंतरराष्ट्रीय साझीदारियों के अवसरों की सराहना की। ब्रिटेन के खरीदार बिज़हान टोंग ने कहा कि “फिल्मार्ट वैश्विक स्तर पर सीमा-पार सहयोग को बढ़ावा देने वाले सबसे प्रभावी प्लेटफॉर्मों में से एक है।”



इस वर्ष फिल्मार्ट का प्रमुख आकर्षण आर्टिफीशियल इंटेलीजेंस (एआई) रहा, जहाँ प्रमुख चीनी तकनीकी कंपनियों ने एआई एनीमेशन, शॉर्ट ड्रामा और डिजिटल ह्यूमन जैसी नवीनतम तकनीकें प्रदर्शित कीं। साथ ही, नव स्थापित एआई एकेडमी की 19 कार्यशालाओं के माध्यम से पेशेवरों को व्यावहारिक एआई कौशल और उभरते रुझानों की जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान किया गया।



इसी दौरान "प्रोड्यूसर्स कनेक्ट" पहल ने हांगकांग और दुनिया भर के 100 से अधिक निर्माताओं को एक साथ जोड़ा। गोल्डन ग्लोब विजेता निर्माता जेनेट यांग और निर्देशक पीटर चान ने अंतरराष्ट्रीय सह-निर्माण पर अपने विचार साझा किए और निवेशकों को विविध क्षेत्रों में जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। प्रदर्शनी में भारतीय फिल्म एवं मनोरंजन उद्योग को समर्पित भारत पैवेलियन भी स्थापित की गयी थी।

18 मार्च को भारत पवेलियन में एक विशेष ब्रीफिंग आयोजित की गई थी। हांगकांग में भारत के महावाणिज्य दूत राजेश नाइक और सेवा निर्यात संवर्धन परिषद (एसईपीसी) के महानिदेशक अभय सिन्हा के साथ एचकेटीडीसी के श्री जॉनसन एनजीऔर सुश्री जोसेफिन लैम भी उपस्थित थे। बातचीत में फिल्मआर्ट प्रतिनिधियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखी गई, जिन्होंने इस वर्ष के बाजार में मजबूत भारतीय उपस्थिति की सराहना की और फिल्मार्ट के भविष्य के संस्करणों में भारत के बढ़ते पदचिह्न और सहयोग के व्यावहारिक अवसरों पर चर्चा की।

एंटरटेनमेंटपल्स और डिजिटल एंटरटेनमेंट शिखर सम्मेलन में स्ट्रीमिंग रणनीतियों, शॉर्ट ड्रामा, वित्तपोषण और आर्टिफीशियल इंटेलीजेंस (एआई) जैसे विषयों पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने रचनात्मक बौद्विक संपदा यानी क्रियेटिव इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी (आईपी) के बेहतर मूल्यांकन की आवश्यकता पर जोर दिया ताकि निवेश आकर्षित किया जा सके।

प्रदर्शनी के आयोजन के साथ-साथ "फिल्मार्ट ऑनलाइन आईपी कैटलॉग" में 2200 से अधिक रचनात्मक परियोजनाएँ सूचीबद्ध की गईं। यह प्लेटफॉर्म 27 अप्रैल 2026 तक खुला रहेगा, जिससे उद्योग प्रतिभागी भौगोलिक सीमाओं से परे जाकर व्यापारिक अवसरों का विस्तार कर सकेंगे।

इस सम्मेलन में हांगकांग स्वायत्त प्रशासकीय क्षेत्र (एचकेएसएआर) के प्रशासन के मुख्य सचिव चान क्वोक की, एचकेएसएआर के संस्कृति, खेल और पर्यटन सचिव रोसन्ना लॉ, एचकेटीडीसी के अध्यक्ष प्रोफेसर फ्रेडरिक मा, एचकेटीडीसी मनोरंजन उद्योग सलाहकार समिति के अध्यक्ष डॉ. पीटर लैम, हांगकांग इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. विल्फ्रेड वोंग, किन झेंगुई, फिल्म ब्यूरो के उप महानिदेशक और चीन की कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के प्रचार विभाग के पटकथा योजना केंद्र के प्रबंध निदेशक, यांग योंग, उप महानिदेशक, अंतर्राष्ट्रीय सहयोग विभाग (हांगकांग, मकाओ और ताइवान मामलों का कार्यालय) तथा, राष्ट्रीय रेडियो और टेलीविजन प्रशासन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement