रक्षा मंत्रालय ने कई आतंकवादी ठिकानों को नेस्तनाबूत करने की बात भी कही
अंकारा, 22 नवंबर (हि.स.)। तुर्किये ने उत्तरी इराक व सीरिया में अभियान चलाकर 184 आतंकवादी मार गिराने का दावा किया है। तुर्किये के रक्षा मंत्रालय ने इस क्लॉ-स्वॉर्ड अभियान में कई आतंकवादी ठिकानों को नेस्तनाबूत करने की बात भी कही है।
नाटो के सदस्य देश तुर्किये के ऐतिहासिक शहर इस्तांबुल में बीते 13 नवंबर को बड़ा आतंकी हमला हुआ था, जिसमें छह लोग मारे गए थे और 81 लोग घायल हुए थे। इसके जवाब में 20 नवंबर की रात को तुर्किये ने उत्तरी इराक और सीरिया में विशेष हवाई अभियान क्लॉ स्वॉर्ड शुरू किया। इस अभियान में 50 से अधिक लड़ाकू विमान और 20 ड्रोन शामिल किये गए थे। तुर्किये की सेना ने इस दौरान कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी और सीरिया कुर्द मिलिशिया संगठन के ठिकानों पर हवाई हमले किये। तुर्किये के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि आतंकवादियों के मुख्य ठिकानों और आश्रय स्थलों को समाप्त कर दिया गया है। इस अभियान में 184 आतंकवादियों के मारे जाने की जानकारी भी दी गई है।
इस बीच तुर्किये के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोग्रन ने हवाई हमलों से इतर कठोर कार्रवाई का संकेत भी दिया है। कतर से तुर्किये लौटने के बाद पत्रकारों से बातचीत में एर्दोगन ने कहा कि तुर्किये की सेना सिर्फ हवाई अभियान तक सीमित नहीं है, इससे इतर और भी कार्रवाई कर सकती है। उत्तरी इराक और सीरिया में आतंकवादियों को खत्म करने के लिए एक जमीनी सैन्य अभियान भी शुरू किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि कोई हमारे देश की शांति भंग करेगा, तो उसे कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने स्वीकार किया कि तुर्किये के दक्षिणी इलाके में मौजूद आतंकवादी संगठन कई हमलों की योजना बना रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/संजीव मिश्र