पुत्रजाया, 08 फ़रवरी। मलेशिया दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का औपचारिक स्वागत करते हुए उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी और मलेशिया के प्रधानमंत्री दातुक सेरी अनवर इब्राहिम ने दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात की। इसके बाद दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच द्विपक्षीय वार्ता शुरू हुई।
मलेशिया के दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को पहुंचे प्रधानमंंत्री नरेन्द्र मोदी का आज मलेशिया की प्रशासनिक राजधानी पुत्रजाया के पर्दाना पुत्र भवन में औपचारिक स्वागत किया गया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।मलय मेल के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी का आज सुबह प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने औपचारिक स्वागत किया, जिसके बाद दोनों देशों के राष्ट्रगान बजाए गए। इसके बाद भारतीय प्रधानमंत्री ने रॉयल रेंजर रेजिमेंट (सेरेमोनियल) की प्रथम बटालियन के तीन अधिकारियों और 103 जवानों द्वारा पेश किए गए गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया, जिसका नेतृत्व मेजर मुहम्मद नूर अद्दीन मुस्तजा ने किया।
प्रधानमंत्री मोदी और अनवर इब्राहिम ने दोनों देशों के मंत्रियों और प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात की। इस मौके पर मलेशियाई सरकार के संचार मंत्री दातुक फहमी फदजिल, डिजिटल मंत्री गोबिंद सिंह देव, गृह मंत्री दातुक सेरी सैफुद्दीन नासुतिन इस्माइल, कैबिनेट मंत्री, विदेशी राजनयिक उपस्थित थे।
इसके बाद दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच द्विपक्षीय वार्ता शुरू हुई जिसमें दोनों नेता भारत-मलेशिया द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा कर व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, श्रम, पर्यटन, कनेक्टिविटी, कृषि और शिक्षा क्षेत्रों में आगे सहयोग की संभावनाओं पर बातचीत करेंगे।
बैठक के बाद, दोनों नेताओं द्वारा भ्रष्टाचार निवारण, नाविकों के प्रशिक्षण, प्रमाणन और निगरानी मानकों, आपदा प्रबंधन, ऑडियो-विजुअल उत्पादन पर समझौते और श्रम क्षेत्र में सहयोग ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाने की भी संभावना है। वे सेमीकंडक्टर, स्वास्थ्य सेवा, राष्ट्रीय सुरक्षा और तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण (टीवीईटी) क्षेत्रों में नोट्स के आदान-प्रदान, संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना सहयोग पर पत्रों के आदान-प्रदान और अंतरराष्ट्रीय बिग कैट एलायंस (आईबीसीए) पर एक फ्रेमवर्क समझौते के प्रस्तुतीकरण की भी समीक्षा करेंगे।
दक्षिण एशियाई क्षेत्र में भारत, मलेशिया का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। दोनों देशों के बीच कुल व्यापार 2025 में 79.49 अरब रिंगिट (18.59 अरब अमेरिकी डॉलर) तक पहुंच गया। मलेशिया का निर्यात 52.3 अरब रिंगिट (12.24 अरब अमेरिकी डॉलर) और आयात 27.19 अरब रिंगिट (6.35 अरब अमेरिकी डॉलर) रहा। निर्यात की प्रमुख वस्तुओं में ताड़ का तेल और ताड़ के तेल पर आधारित कृषि उत्पादों के साथ विद्युत और इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद शामिल हैं, जबकि आयात में मुख्य रूप से कृषि, पेट्रोलियम और रासायनिक उत्पाद शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के विशेष निमंत्रण पर दो दिवसीय यात्रा पर पहुंचे हैं जहां उनका मलेशियाई प्रधानमंत्री ने गर्मजोशी से स्वागत किया। मलेशिया में जगह-जगह भारतीय प्रधानमंत्री के बड़े-बड़े कटआउट और पोस्टर लगाए गए हैं। मलेशिया में करीब 30 लाख प्रवासी भारतीय रहते हैं जिनमें 27 लाख से अधिक के पास प्रवासी भारतीय ओसीआई कार्ड है।
