नेपाली कांग्रेस ने संसदीय चुनाव के लिए जारी किया 'प्रतिज्ञा पत्र' | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

International

नेपाली कांग्रेस ने संसदीय चुनाव के लिए जारी किया 'प्रतिज्ञा पत्र'

Date : 19-Feb-2026

 काठमांडू, 19 फ़रवरी । नेपाल में 5 मार्च को होने जा रहे संसदीय चुनाव को लेकर देश की सबसे पुरानी पार्टी नेपाली कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र 'प्रतिज्ञा पत्र' के नाम से गुरुवार को जारी किया है। पार्टी ने सुशासन को प्राथमिकता में रखते हुए चुनाव के बाद सरकार में जाने पर लागू किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रम सार्वजनिक किए हैं।

काठमांडू में गुरुवार को आयोजित ‘हमारा संकल्प, आपका प्रश्न’ शीर्षक संवाद कार्यक्रम में पार्टी अध्यक्ष गगन थापा ने संविधान संशोधन, मंत्रालयों की संख्या घटाने से लेकर भ्रष्टाचार उन्मूलन तक के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने यह भी प्रतिबद्धता जताई कि कांग्रेस बहुमत से सरकार बनाए या न बनाए, वह अपने संकल्प–पत्र से पीछे नहीं हटेगी। प्रतिनिधि सभा चुनाव के लिए तैयार किए गए 'प्रतिज्ञा पत्र' के बारे में पार्टी अध्यक्ष गगन थापा ने कहा कि इसमें मुख्य रूप से सुशासन स्थापित करने और देश का स्वरूप बदलने के उपायों पर जोर दिया गया है।

कांग्रेस ने 2015 को संविधान सभा के माध्यम से जारी संविधान के प्रति पूर्ण प्रतिबद्धता दोहराई है। हालांकि, पार्टी का कहना है कि वर्तमान निर्वाचन प्रणाली के तहत किसी एक दल को स्पष्ट बहुमत मिलना कठिन है, इसलिए बहुमत सुनिश्चित करने योग्य व्यवस्था के लिए निर्वाचन प्रणाली में संशोधन आवश्यक है। कांग्रेस ने सुशासन के लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्रियों के कार्यकाल की सीमा तय करने तथा मंत्रालयों की संख्या घटाने का प्रस्ताव भी रखा है। कांग्रेस ने नागरिक सेवाओं को कार्यालय–केंद्रित के बजाय नागरिक–केंद्रित बनाने तथा सेवा में देरी होने पर क्षतिपूर्ति देने की व्यवस्था लागू करने की बात भी कही है। पार्टी ने गठबंधन की “दूषित राजनीति” से दूरी बनाने, पिछली त्रुटियों को सुधारने और अकेले बहुमत की सरकार बनाने का वातावरण तैयार करने का संकल्प व्यक्त किया है।

सभापति थापा ने कहा कि हम संविधान संशोधन के माध्यम से निर्वाचन प्रणाली में सुधार की तैयारी कर रहे हैं। ऐसा संशोधन किया जाएगा जिससे एक पार्टी स्पष्ट बहुमत ला सके, साथ ही समावेशिता को और मजबूत किया जाएगा। थापा ने मंत्रिपरिषद में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की योजना भी बताई। इसके लिए संविधान या कानून में आवश्यक संशोधन का खाका पार्टी ने तैयार कर लिया है। किन-किन धाराओं में संशोधन होगा और कौन से नए कानून बनाए जाएंगे, इसका स्पष्ट उल्लेख प्रतिज्ञा–पत्र में किया गया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव के बाद संसद में मौजूद सभी दलों के साथ बैठकर आगे की दिशा तय करना चाहती है। सुशासन के प्रावधानों में बदलाव के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। थापा ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री अब अधिकतम दो-दो कार्यकाल ही संभाल सकेंगे। संघ में 16 और प्रदेश में 6 मंत्रालय ही होंगे। गठबंधन के दबाव में मंत्रालय बढ़ाने की व्यवस्था नहीं की जाएगी। थापा ने कहा कि सत्ता और शक्ति के लिए गठबंधन की संस्कृति ने राजनीति को बदनाम किया है, और बदली हुई कांग्रेस अपने मूल्यों को और सशक्त बनाएगी। कांग्रेस ने अगले पांच वर्षों में 15 लाख रोजगार सृजित करने का लक्ष्य भी रखा है। कृषि, पर्यटन, भौतिक अवसंरचना और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में योजनाबद्ध कार्यक्रमों के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे।

प्रतिज्ञा–पत्र में युवाओं की डिजिटल स्वतंत्रता और रचनात्मकता के सम्मान की भी बात कही गई है। पार्टी का कहना है कि युवाओं के पास कला और सृजन की अपार क्षमता है, लेकिन उन्हें उचित बाजार नहीं मिल पा रहा है, जिसे सुनिश्चित किया जाएगा। कांग्रेस ने “एक बार का नेपाली, हमेशा का नेपाली” की नीति पर भी जोर दिया है। थापा ने कहा कि इसके लिए आवश्यक संवैधानिक और कानूनी संशोधन किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि गैर-आवासीय नेपाली नागरिकता संबंधी कानून भी कांग्रेस के नेतृत्व में लाया गया है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement