काठमांडू, 19 फ़रवरी। विराटनगर में गुरुवार को नेपाल–भारत सीमा जिला सुरक्षा समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 5 मार्च को संसदीय चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने का निर्णय लिया गया।
जिला प्रशासन कार्यालय मोरंग के अनुसार नेपाल के मोरंग, झापा और सुनसरी जिलों तथा भारत के किशनगंज, अररिया और सुपौल जिलों के उच्च अधिकारियों के बीच हुई इस बैठक में चुनावी सुरक्षा के विषय पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में 5 मार्च को होने वाले मतदान से 72 घंटे पहले सीमा नाकों को पूर्ण रूप से बंद करने पर सहमति बनी।
मोरंग के प्रमुख जिला अधिकारी युवराज कट्टेल और भारत के अररिया जिले के जिला मजिस्ट्रेट विनोद दुहान की सह-अध्यक्षता में हुई बैठक में चुनाव के दौरान संभावित सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए संयुक्त सीमा गश्ती को सशक्त बनाने तथा सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने का निर्णय लिया गया। सीमा क्षेत्र में होने वाली अवैध गतिविधियों, तीसरे देश के नागरिकों की अनधिकृत आवाजाही, मादक पदार्थ एवं मानव तस्करी, जाली नोटों के कारोबार, हथियार और नकदी की तस्करी पर नियंत्रण के लिए निरंतर सहयोग जारी रखने पर भी बैठक में सहमति बनी।
