प्रधानमंत्री की सोच किसानों व मजदूरों के कल्याण पर केंद्रित : उपराष्ट्रपति | The Voice TV

Quote :

असफलताओं के बावजूद, अपना मनोबल ऊँचा रखें. अंत में सफलता आपको अवश्य मिलेगी । “ - धीरूभाई अंबानी

National

प्रधानमंत्री की सोच किसानों व मजदूरों के कल्याण पर केंद्रित : उपराष्ट्रपति

Date : 28-Sep-2023

 नई दिल्ली । उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर), कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की ओर से राजस्थान में प्रदत्त 2 सौगातों की  शुरूआत की। उन्होंने बीकानेर में आईसीएआर के मूंगफली अनुसंधान निदेशालय के क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र और केंद्रीय शुष्क बागवानी संस्थान के प्रशिक्षु गृह का उद्घाटन किया, वहीं बाड़मेर के गुड़ामालानी में क्षेत्रीय श्री अन्न (मिलेट्स) अनुसंधान केंद्र की आधारशिला रखी।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर इसमें वर्चुअल रुप से शामिल हुए। कार्यक्रम में केंद्रीय कानून व न्याय तथा संसदीय कार्य एवं संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, आईसीएआर के महानिदेशक डा. हिमांशु पाठक, वैज्ञानिक, किसान भी सम्मिलित हुए।

बीकानेर में अपने संबोधन में उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ ने कहा कि संसद में महिला आरक्षण विधेयक पेश करके केंद्र सरकार ने ऐतिहासिक कदम उठाया है। उन्होंने बीकानेर की नमकीन, भुजिया व रसगुल्ले की तारीफ करते हुए कहा कि बीकानेर की मूंगफली की ब्रांडिंग की जाएगी, इस क्षेत्र में व्यापार की बहुत संभावनाएं हैं। उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने श्री अन्न का महत्व दुनिया को बताते हुए संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा 2023 को अंतरराष्ट्रीय मिलेट्स वर्ष घोषित कराया।

भारत की अध्यक्षता में जी-20 के आयोजन की सफलता की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने वह कर दिखाया, जिसकी कभी किसी ने कल्पना नहीं की थी। जी-20 जैसे वैश्विक कार्यक्रमों में श्री अन्न के व्यंजन परोसना हर गांव, गरीब, किसान के लिए सम्मान की बात है। हमारे किसानों की मेहनत की बदौलत देश न सिर्फ खाद्यान्न में आत्मनिर्भर बना, बल्कि आज दुनिया को खाद्यान्न निर्यात भी कर रहा है।

प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत 80 करोड़ से ज्यादा लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है, जो किसानों की कड़ी मेहनत से ही संभव हो पाया है। प्रधानमंत्री की सोच किसान-मजदूर कल्याण पर केंद्रित है, जिसके लिए केंद्र ने कई कदम उठाए हैं, पीएम किसान सम्मान निधि उनमें से एक है।

 


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement