देश को प्रवासी भारतीयों से प्रेम और उनकी उपलब्धियों पर गर्व : अनुराग ठाकुर | The Voice TV

Quote :

सपनों को हकीकत में बदलने से पहले, सपनों को देखना ज़रूरी है – डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम

National

देश को प्रवासी भारतीयों से प्रेम और उनकी उपलब्धियों पर गर्व : अनुराग ठाकुर

Date : 08-Jan-2023

 इंदौर, 08 जनवरी । केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने "एक धरती, एक परिवार, एक भविष्य" का विचार दिया है। पूरा देश प्रवासी भारतीयों से प्रेम करता है, उनका सम्मान करता है और उनकी उपलब्धियों पर देश को गर्व है। हम पर 200 साल तक राज करने वालों को पछाड़ कर हम दुनिया की पांच सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में शामिल हुए हैं। भारतीय युवाओं ने भारत को दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप नेशन बनाया है।


केंद्रीय मंत्री ठाकुर रविवार को इंदौर में युवा प्रवासी भारतीय दिवस के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का प्रवासी भारतीय सम्मेलन आयोजित करने की सहमति देने और सहयोग के लिए आभार माना। उन्होंने कहा कि युवा प्रवासी भारतीय अपने सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत से आगे बढ़ रहे हैं, पर उनके दिल में भारत बसता है। उन्होंने युवाओं को नवाचार करने और अपने विचारों और नवाचारों को भारत में क्रियान्वित करने के लिए आमंत्रित किया।


सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वाक्य "हमारा तो खून का रिश्ता है-पासपोर्ट का नहीं" ने प्रवासी भारतीय सम्मेलन के विचार को बल दिया। हम हर 2 साल में एक परिवार की तरह मिलते हैं। आजादी के अमृत काल में हो रहे इस सम्मेलन में हम स्वतंत्रता के 100 वर्ष अर्थात वर्ष 2047 तक के रोड मैप पर विचार करें।



केंद्रीय विदेश मंत्री ने मुख्यमंत्री चौहान का प्रदेश में प्रवासी भारतीय सम्मेलन के लिए श्रेष्ठतम सद्भावना और सर्वोत्तम आवभगत के साथ स्वागत के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि विश्व में सर्वाधिक प्रवासी भारत के हैं। कोरोना काल में भारत ने वैक्सीन मैत्री और वंदे भारत मिशन से संपूर्ण विश्व में सद्भावना का विस्तार किया। देश में सकारात्मकता का वातावरण है। भारत रहने, कार्य करने और पर्यटन के लिए बेहतर देश के रूप में उभर रहा है। डॉ. एस. जयशंकर ने प्रवासी भारतीयों को दी जा रही सुविधाओं और उनसे संबंधित कार्यों की प्रक्रियाओं के सरलीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी।


ऑस्ट्रेलियाई सांसद ज़ेनिटा मेस्कानरेन्हास ने इंदौर के खान-पान और देश के विभिन्न राज्यों के पर्यटन की दृष्टि से रूचिकर स्थानों और विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत उद्योग और तकनीक के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने जलवायु परिवर्तन के क्षेत्र में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की आवश्यकता बतायी।


इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ केन्द्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, केन्द्रीय युवा एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, ऑस्ट्रेलिया की सांसद ज़ेनिटा मेस्कानरेन्हास ने इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।



मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि वे प्रवासी भारतीय सम्मेलन में आए अतिथियों के साथ पौध-रोपण करेंगे। उन्होंने इंदौर पधारे अतिथियों को इंदौर के सराफा, छप्पन दुकान के भ्रमण तथा श्री महाकाल महालोक और ओंकारेश्वर के दर्शन के लिए आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश के पर्यटन-स्थलों का भ्रमण करने के लिए भी अतिथियों को आमंत्रित किया।

 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload

Advertisement









Advertisement